नई दिल्ली:दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती जारी है। रुझानों में भाजपा 49 सीट और आम आदमी पार्टी (AAP) 20 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस को 1 सीट पर बढ़त है। यानी रुझानों में भाजपा बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है।
सुबह 9.30 बजे तक चुनाव आयोग ने 30 सीटों के रुझान जारी किए हैं। इसके मुताबिक, भाजपा 28 और AAP 9 सीटों पर आगे है।
नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के अरविंद केजरीवाल, कालकाजी सीट से आतिशी पीछे चल रही हैं। जंगपुरा से मनीष सिसोदिया और पटपड़गंज से अवध ओझा आगे चल रहे हैं। पहले ये भी पीछे चल रहे थे।
दिल्ली में 5 फरवरी को 70 सीटों पर 60.54% मतदान हुआ था। 14 एग्जिट पोल आए। 12 में भाजपा और 2 में केजरीवाल की सरकार बनने का अनुमान जताया गया।
दोपहर 12 बजे तक दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी, यह साफ हो जाएगा।
काउंटिंग से कुछ देर पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी से AAP कैंडिडेट आतिशी ने कहा, “यह सामान्य चुनाव नहीं है, ये अच्छे और बुरे के बीच की लड़ाई है। दिल्ली की जनता AAP और केजरीवाल के साथ खड़ी है। केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।”