डेस्क:एलन मस्क (Elon Musk) ने शुक्रवार को ऐलान किया कि उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X का अधिग्रहण किया है। यह अधिग्रहण आल स्टॉक ट्रांजैक्शन के तौर पर हुआ है। यह डील 33 बिलियन डॉलर में हुई है। जिसमें 12 बिलियन डॉलर का कर्ज भी है। जिसकी वजह से ओवरआल एक्स की वैल्यूएशन 45 बिलियन डॉलर हो जाती है। बता दें, मस्क की एआई कंपनी इस समय दुनियाभर में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। ऐसे में इस अधिग्रहण के बाद उसके पास एक बड़ा डाटा होगा। जोकि रियल टाइम पहुंचेगा।
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “xAI ने X का अधिग्रहण किया है। दो वर्ष पूर्व अपने स्थापना से xAI तेजी के साथ काम कर रहा है। मौजूदा समय में वह एक अग्रणी AI लैब बना चुका है। वहीं, एक्स के पास 600 मिलियन से ज्यादा एक्टिव यूजर्स हैं। बीते दो सालों में यह दुनिया की सबसे अच्छी कंपनियों में शुमार हो चुकी है।” उन्होंने कहा है कि दोनों कंपनियां मिलकर अरबों लोगों को ज्यादा स्मार्ट और सार्थक अनुभव दे पाएंगी। इस कदम के जरिए ना सिर्फ हम दुनिया में क्या हो रहा है यह दिखा पाएंगे बल्कि मनुष्य की प्रगति को भी बढ़ा पाएंगे।
मस्क लिखते हैं, “xAI और X का भविष्य आपस में जुड़े हैं। आज हम आधिकारिक तौर पर डाटा, मॉड्यूल्स, कंप्यूट, डिस्ट्रीब्यूशन और टैलेंट को जोड़ रहे हैं।” यह अधिग्रहण ऐसे समय में हो रहा है जब एआई प्रतिद्वंदिता बढ़ रही है।
xAI को 2023 में लॉन्च किया गया था। ग्रोक के तौर पर एआई चैटबोट लोगों के बीच आया। यह चैटबोट रियलटाइम रिस्पॉन्स देता है। मस्क ने ग्रोक को Woke AI के तौर पर मार्केट किया है।
हाल ही में दोनों कंपनियों ने फंड उठाया था। X ने बीते साल एक बिलियन डॉलर का फंड 44 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर जुटाया था। वहीं, xAI ने ब्लैकरॉक, फिडेलिटी, मॉर्गन स्टेनले, Sequoia Capital, Nvidia और AMD से 45 बिलियन डॉलर के वैल्यूशन पर फंड जुटाया था। रिपोर्ट के अनुसार xAI जल्द ही 75 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर अगला फंड राउंड शुरू कर सकती है।