मुंबई: इस्कॉन, जुहू में भव्यता के साथ आयोजित १३वें वार्षिक ‘गौरव पुरस्कार २०२५’ समारोह में संगीत, नृत्य, ग़ज़ल और अन्य कला क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दिग्गज कलाकारों को सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित आयोजन विशेष रूप से अनुभवी कलाकार पुरूषोत्तम दास जलोटा की स्मृति में आयोजित किया गया।
पुरस्कार विजेताओं को किया गया सम्मानित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कारों की सूची इस प्रकार रही:
🔹 भजन सम्राट पद्मश्री पुरूषोत्तमदास जलोटा संगीत सेवा पुरस्कार – प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक श्री अजय पोहनकर को प्रदान किया गया।
🔹 भजन महर्षि पंडित हरिओम शरण भक्ति संगीत पुरस्कार – सुप्रसिद्ध गायक श्री कुमार विशु को सम्मानित किया गया।
🔹 पद्मश्री डॉ. रवींद्र जैन बहुमुखी प्रतिभा पुरस्कार – जानी-मानी पार्श्व गायिका डॉ. जसपिंदर नरूला को दिया गया।
🔹 श्रीमती मेधा जलोटा श्रेष्ठतम मेधावी नृत्यांगना पुरस्कार – उभरती नृत्यांगना सुश्री सरिता कालेले को प्रदान किया गया।
🔹 लाईफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार – वरिष्ठ उद्घोषक श्री किशन शर्मा को दिया गया।
संगीतमय प्रस्तुति से किया मंत्रमुग्ध समारोह में पद्मश्री अनूप जलोटा ने अपने शिष्यों के साथ भक्तिमय और संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजन और ग़ज़लों ने समां बांध दिया और श्रोता भावविभोर हो उठे।
गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति कार्यक्रम में संगीत, कला, पत्रकारिता और समाजसेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल प्रबंधन “तथास्तु प्रोडक्शंस” द्वारा किया गया।
सहयोगियों का योगदान इस आयोजन में प्रमुख सहयोगियों के रूप में हिंदुजा फाउंडेशन, वी आई पी, एफ ई आई कार्गो, ऐ डी एन फायर सेफ्टी, साधना चैनल, टीवी एशिया, नूतन सवेरा, कटिंग चाय – मंच आपके विचारों का, और ब्राइट आउटडोर मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भक्ति और संस्कृति का संगम ‘गौरव पुरस्कार २०२५’ केवल एक सम्मान समारोह नहीं था, बल्कि यह भारतीय संस्कृति और भक्ति संगीत का एक अद्वितीय संगम भी था। इस कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि भारतीय संगीत और कला का प्रभाव विश्व स्तर पर अमूल्य और अमिट है।