डेस्क:राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राज्य की भाजपा सरकार पर विकास के क्रम में उल्टी दिशा में चलने का आरोप लगाया। कहा कि यह गुजरात मॉडल को पूरी तरह फेल मानती है। इसलिए यहां सुनियोजित शहरी विकास के लिए जनसंख्या के अनुपात में पूर्ववर्ती सरकार के दौरान बनाए गए नगर निगमों और नगर पालिकाओं की संख्या को घटाया जा रहा है।
गहलोत ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि इसी वर्ष जनवरी में गुजरात सरकार ने वहां नगर निगमों की संख्या बढ़ाते हुए नौ नए नगर निगम बनाए। इसकी वजह शहरी विकास को तेज करना बताया गया। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल को भाजपा सरकारें आदर्श मानती हैं, लेकिन राजस्थान की भाजपा सरकार इस गुजरात मॉडल को पूरी तरह फेल मानती है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इसलिए यहां सुनियोजित शहरी विकास के लिए जनसंख्या के अनुपात में हमारी सरकार के दौरान बनाए गए नगर निगमों और नगर पालिकाओं की संख्या को घटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा देश में संभवत: पहला उदाहरण होगा जिसमें विकास के क्रम में सरकार उल्टी दिशा में चल रही है।
इसके अलावा गहलोत ने जयपुर के प्रताप नगर में वीर तेजाजी महाराज की मूर्ति को तोड़े जाने की घटना को अत्यंत निंदनीय बताया। कहा कि जन-भावनाओं और आस्था के साथ इस तरह का खिलवाड़ अस्वीकार्य है। सरकार से मांग है कि इस मामले के दोषियों की शीघ्र पहचान कर उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी और पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।