वॉशिंगटन: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बार फिर ग्रीनलैंड को अमेरिका में शामिल करने की अपनी इच्छा जताई और कहा कि इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण, संसाधन-संपन्न डेनिश क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करना “विश्व शांति” के लिए आवश्यक है।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार का ग्रीनलैंड में रुचि लेना केवल अमेरिका के फायदे के लिए नहीं है, बल्कि वैश्विक स्थिरता और सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ अमेरिका की शांति की बात नहीं कर रहे हैं। हम विश्व शांति की बात कर रहे हैं। हम अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की बात कर रहे हैं।”
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य शीर्ष अमेरिकी अधिकारी ग्रीनलैंड में एक सैन्य अड्डे का दौरा कर रहे हैं। यह द्वीप, जो विश्व का सबसे बड़ा गैर-महाद्वीपीय भूभाग है, दुर्लभ खनिजों, तेल और गैस जैसे विशाल प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है, जिससे यह वैश्विक भू-राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
डेनमार्क, जो ग्रीनलैंड को एक स्वायत्त क्षेत्र के रूप में संचालित करता है, पहले ही इस द्वीप को बेचने के विचार को खारिज कर चुका है। हालांकि, ट्रंप के बयान यह दर्शाते हैं कि उनकी सरकार ग्रीनलैंड को अमेरिकी सैन्य और आर्थिक रणनीति का एक अहम हिस्सा मानती है।
हालांकि डेनमार्क और ग्रीनलैंड के अधिकारियों ने पहले भी अमेरिका की खरीद प्रस्ताव को ठुकरा दिया है, लेकिन ट्रंप की ताज़ा टिप्पणियां यह संकेत देती हैं कि वॉशिंगटन इस क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए नए तरीके खोज सकता है।