डेस्क : ब्रिटेन की राजधानी लंदन में भारतीय मूल के रेस्टोरेंट मालिक हरमन सिंह कपूर ने 16 वर्षों से संचालित अपने प्रसिद्ध रेस्टोरेंट ‘रंगरेज’ को बंद करने की घोषणा की है। पश्चिमी लंदन के हैमरस्मिथ इलाके में स्थित यह रेस्टोरेंट स्थानीय भारतीय समुदाय के बीच लोकप्रिय रहा है।
कपूर ने बताया कि बढ़ती आर्थिक लागत, लगातार ऑनलाइन ट्रोलिंग, बार-बार होने वाली अशांति और कथित हमलों के कारण उन्हें यह निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पाकिस्तानी समूहों द्वारा उन्हें निशाना बनाया जा रहा था। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि London Metropolitan Police से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण परिस्थितियां और कठिन हो गईं।
हरमन सिंह कपूर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि लगातार परेशानियों और उत्पीड़न के बावजूद उनके इरादे कमजोर नहीं हुए हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अब वह अपने व्यवसाय के बजाय सामाजिक और वैचारिक सक्रियता पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
खालिस्तान विवाद से जुड़ा मामला
इस विवाद की पृष्ठभूमि मार्च 2023 की एक घटना से जुड़ी बताई जा रही है। कपूर ने उस समय आरोप लगाया था कि उनके रेस्टोरेंट पर खालिस्तान समर्थकों द्वारा हमला किया गया। यह विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने खालिस्तान आंदोलन की आलोचना करते हुए कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे।
बताया जाता है कि उन वीडियो में उन्होंने खालिस्तान के नाम पर चल रही गतिविधियों पर सवाल उठाए थे और अमृतपाल सिंह तथा उनके सहयोगियों पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद गहरा गया।
‘रंगरेज’ के बंद होने की खबर से स्थानीय भारतीय समुदाय में निराशा देखी जा रही है। वहीं, इस प्रकरण ने प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर एक नई बहस को जन्म दिया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
