Desk:हरियाणा के नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 10 में से 9 नगर निगमों पर कब्जा जमाया। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया, जिससे उसे बड़ा झटका लगा है। वहीं, मानेसर नगर निगम में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव ने जीत दर्ज की।
सोनीपत में भाजपा का विक्ट्री मार्च
सोनीपत नगर निगम के मेयर पद पर हुए उपचुनाव में भाजपा के राजीव जैन ने 34,749 मतों से जीत दर्ज की। कांग्रेस के कमल दीवान दूसरे स्थान पर रहे। भाजपा की यह जीत दर्शाती है कि सोनीपत में अब भी उसका मजबूत जनाधार बना हुआ है।
गुरुग्राम में भाजपा का दबदबा
गुरुग्राम में भाजपा की राज रानी मल्होत्रा ने 1,79,485 मतों के भारी अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी सीमा पाहुजा को हराया। यह जीत भाजपा के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
रोहतक में भी भाजपा का जलवा
भूपिंदर सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में भी कांग्रेस को करारी शिकस्त मिली। भाजपा के राम अवतार ने 45,198 मतों से जीत हासिल की और कांग्रेस के सूरजमल किलोई को हराया।
फरीदाबाद में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण जोशी को 4,16,927 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की लता रानी को सिर्फ 1,00,075 वोट ही मिल सके। भाजपा ने 3,16,852 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
करनाल में भाजपा की जीत
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के गृह क्षेत्र करनाल में भाजपा की रेनू बाला गुप्ता ने कांग्रेस के मनोज वधवा को 25,359 मतों से हराकर जीत दर्ज की।
हिसार में भाजपा का वर्चस्व
हिसार नगर निगम चुनाव में भाजपा के प्रवीण पोपली ने 64,456 मतों से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के कृष्ण टिटू सिंगला को शिकस्त दी।
पानीपत में भाजपा की जीत
पानीपत में भाजपा की कोमल सैनी ने 1,08,729 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
मानेसर में निर्दलीय प्रत्याशी की जीत
मानेसर में भाजपा और कांग्रेस दोनों को हार का सामना करना पड़ा। निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव ने 2,293 वोटों से जीत दर्ज की।
अंबाला और यमुनानगर में भी भाजपा का परचम
अंबाला में भाजपा की शैलजा सचदेवा और यमुनानगर में सुमन बहमनी ने शानदार जीत दर्ज की।
हरियाणा निकाय चुनावों में भाजपा की यह बड़ी जीत आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भी अहम संकेत मानी जा रही है। कांग्रेस की करारी हार उसके लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकती है।