इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में चार दिन से लापता एमबीए छात्रा की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुष्कर्म के बाद रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने के आरोपी उसके सहपाठी पीयूष धामनोदिया को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। लोकेशन ट्रेस होने के बाद मुंबई पुलिस की मदद से उसे पकड़ा गया।
यह मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय छात्रा सांवेर रोड स्थित एक कॉलेज में एमबीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। 10 फरवरी की दोपहर वह घर से दस्तावेज अपडेट कराने की बात कहकर निकली थी। उसके पिता उसे मोती तबेला फायर स्टेशन के पास छोड़कर लौट गए थे।
शाम को छात्रा ने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया था कि वह द्वारकापुरी की अंकली गली में किराए से रहने वाले अपने सहपाठी पीयूष धामनोदिया के साथ एक दोस्त के जन्मदिन समारोह में जा रही है। रात में उसके मोबाइल से बहन को संदेश मिला कि वह घर नहीं लौटेगी। अगले दिन संपर्क न होने पर 11 फरवरी को परिजनों ने पंढरीनाथ थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर अंकली गली स्थित आरोपी के किराए के कमरे से मिला। शव नग्न अवस्था में कंबल से ढंका हुआ था और कमरे पर बाहर से ताला लगा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा की हत्या रस्सी से गला घोंटकर की गई। शव पर धारदार हथियार से हमले के निशान भी पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सटीक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय थीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मूल रूप से मंदसौर के कालाखेत रोड का निवासी है और उसके पिता की धानमंडी क्षेत्र में किराना दुकान है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने छात्रा के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप पर वीडियो वायरल किए। वीडियो में छात्रा का चेहरा स्पष्ट दिख रहा था, जबकि युवक ने अपना चेहरा इमोजी से छिपा रखा था।
मोबाइल टॉवर की लोकेशन मुंबई में मिलने पर तुरंत अंधेरी पुलिस स्टेशन को सूचना दी गई और आरोपी की तस्वीर भेजी गई। मुंबई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इंदौर पुलिस की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेने मुंबई पहुंच गई है और उसे जल्द इंदौर लाया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ के बाद हत्या की असली वजह और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी। वहीं, छात्रा का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

