TBO Tek IPO: शेयर बाजार में लिस्टेड कुछ कंपनियां ऐसी भी हैं जिन्होंने कुछ ही महीनों में मल्टीबैगर रिटर्न दे दिया है। टीबीओ टेक लिमिटेड भी उन कंपनियों में शामिल है। इस कंपनी ने अपनी शुरुआत के केवल तीन महीनों में ही आईपीओ के इश्यू प्राइस से 75 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज है। हालांकि, कुछ ब्रोकरेज फर्म इस शेयर में अभी और तेजी का अनुमान लगा रहे हैं।
शेयर का हाल
टीबीओ टेक के शेयर शुक्रवार को ट्रेडिंग के दौरान लगभग 3 प्रतिशत बढ़कर 1615.55 रुपये के हो गए। बता दें कि इस कंपनी ने आईपीओ के दौरान 920 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से शेयर जारी किए थे। कहने का मतलब है कि शेयर आईपीओ कीमत से 75 फीसदी ऊपर है। इस शेयर के उच्चतम स्तर की बात करें तो जून 2024 में 1,938.75 रुपये पर पहुंच गया था।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
टीबीओ टेक का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल (YoY) आधार पर 29 प्रतिशत बढ़कर 60.91 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की अवधि में 47.3 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बी2बी ट्रैवल पोर्टल का परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 418.5 करोड़ रुपये हो गया। टीबीओ टेक का ग्रॉस ट्रांजैक्शन वैल्यू (जीटीवी) बढ़कर 7940 करोड़ रुपये हो गया, जो सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वहीं, समायोजित एबिटा सालाना आधार पर 23 फीसदी बढ़कर 85 करोड़ रुपये हो गया।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
जेएम फाइनेंशियल के मुताबिक मार्जिन के मोर्चे पर कंपनी ने एक बार फिर बिजनेस मिक्स के एचएंडपी सेगमेंट की ओर बढ़ने के कारण सालाना आधार पर लगभग 200 बीपीएस का ठोस ग्रॉस मार्जिन विस्तार दर्ज किया है। इस विस्तार के बावजूद एबिटा मार्जिन अभी भी सालाना आधार पर 60 बीपीएस कम है। उम्मीद है कि एयर टिकटिंग सेगमेंट टॉपलाइन ग्रोथ पर असर डालेगा, एचएंडपी सेगमेंट में मजबूत विस्तार से यह सुनिश्चित होना चाहिए कि कंपनी मध्यम अवधि में 20 प्रतिशत से अधिक टॉपलाइन और 30 प्रतिशत से अधिक बॉटम-लाइन ग्रोथ प्रदान करती है। ब्रोकरेज ने इस शेयर को’खरीदें’ रेटिंग देते हुए 1950 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।
कंपनी के बारे में
2006 में वजूद में आई कंपनी टीबीओ टेक को पहले टेक ट्रैवल्स के नाम से जाना जाता था। यह ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार यात्रा सूची प्रदान करती है। यह होटल, एयरलाइंस, कार किराए पर लेने, स्थानान्तरण, क्रूज, बीमा, रेल कंपनियों और अन्य जैसे आपूर्तिकर्ताओं के लिए यात्रा व्यवसाय को सरल बनाती है। कंपनी ने 8-10 मई के बीच खुले अपने आईपीओ के माध्यम से कुल 1,550.81 करोड़ रुपये जुटाए थे, जिसमें 400 करोड़ रुपये की फ्रेश शेयर बिक्री और 1,25,08,797 इक्विटी शेयरों की बिक्री की पेशकश शामिल थी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
