पुणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार भले ही बारामती सीट से लोकसभा चुनाव हार गईं हों, मगर जल्द ही वह राज्यसभा में बतौर सांसद नजर आने वाली हैं। इतना ही नहीं उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल में पद पाने की भी इच्छा रख दी। सुनेत्रा ने कहा कि उन्हें केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल होने का कोई भी प्रस्ताव स्वीकार करने में खुशी होगी। पवार परिवार के गढ़ बारामती लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान सुनेत्रा ने कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पुणे जिले की बारामती लोकसभा सीट पर मिली हार का आत्ममंथन कर रही है और विश्लेषण के बाद सुधारात्मक कदम उठाएगी।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनेत्रा ने यह भी कहा कि उन्हें लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन अंततः मतदाताओं के फैसले को स्वीकार करना होगा। पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या वह केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने का प्रस्ताव स्वीकार करेंगी, उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से, यदि मुझे मौका मिलेगा तो मैं अवश्य इसका लाभ उठाऊंगी।”
उल्लेखनीय है कि राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने जा रहीं सुनेत्रा पवार पश्चिमी महाराष्ट्र निर्वाचन क्षेत्र में अपनी भाभी और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) सांसद सुप्रिया सुले से हार गईं थीं। गुरुवार को उन्होंने राज्य में राज्यसभा उपचुनाव के लिए एनसीपी उम्मीदवार के रूप में मुंबई में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
चूंकि वह मैदान में एकमात्र उम्मीदवार हैं, इसलिए सुनेत्रा पवार का संसद के उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुना जाना तय है। उनके पुणे पहुंचने पर स्थानीय राकांपा इकाई ने उनका भव्य स्वागत किया। बता दें भाजपा की सहयोगी पार्टी अजित पवार की अगुवाई वाली एनसीपी का फिलहाल केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। वहीं एनसीपी ने वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल को नई एनडीए सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाने के भाजपा के प्रस्ताव को ठुकरा दिया।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
