हर घर में खाने के साथ कुछ चटपटा, कुछ तीखा, कुछ मीठा तो ज़रूर चाहिए। कभी चटनी, कभी रायता, तो कभी अचार! लेकिन जब वही पुरानी चटनी बोर कर दे, तो क्यों न कुछ नया आज़माया जाए? इस बार लाएं अपने खाने में एक खास बंगाली ट्विस्ट—टमाटर और खजूर से बनी एक ऐसी चटनी जो खट्टी भी है, मीठी भी और स्वाद से भरपूर भी।
सामग्री:
- सरसों का तेल – 2 चम्मच
- सौंफ – 1/4 चम्मच
- जीरा – 1/4 चम्मच
- कलौंजी – 1/4 चम्मच
- राई – 1/4 चम्मच
- मेथी – 1/4 चम्मच
- सूखी लाल मिर्च – 2
- टमाटर – 4 से 5 (बारीक कटे हुए)
- नमक – स्वादानुसार
- किशमिश – 1 चम्मच
- खजूर – 3 से 4 (बारीक कटे हुए)
- गुड़ पाउडर – 1 चम्मच
- अमचूर पाउडर – 1/2 चम्मच
- काली मिर्च – 1/4 चम्मच
- हरा धनिया – थोड़ी सी पत्तियां (सजावट के लिए)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले टमाटर को अच्छे से धोकर बारीक काट लें।
- एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें।
- जब तेल गर्म हो जाए, तब उसमें सौंफ, जीरा, कलौंजी, राई और मेथी डालें।
- इसके साथ ही सूखी लाल मिर्च भी डाल दें और मसालों को हल्का चटकने दें।
- अब कटे हुए टमाटर और नमक डालकर ढक्कन लगाएं और 8-10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
- समय के बाद ढक्कन हटाकर टमाटर को चम्मच से दबाकर देखें – अगर पूरी तरह गल गए हों तो अगला कदम उठाएं, वरना कुछ मिनट और पकाएं।
- अब किशमिश, कटे हुए खजूर, गुड़ पाउडर और अमचूर पाउडर डालें।
- इन सबको अच्छी तरह मिलाएं और 5 मिनट और धीमी आंच पर पकाएं ताकि खजूर की मिठास चटनी में घुल जाए।
- आखिर में काली मिर्च डालकर गैस बंद करें।
- धनिया की पत्तियों से सजाएं और स्वादिष्ट बंगाली चटनी तैयार है!
परोसने का सुझाव:
इसे गरमा-गरम पराठों के साथ, किसी भी सूखी सब्जी या दाल-चावल के साथ परोसें। यकीन मानिए, बच्चों से लेकर बड़ों तक सब उंगलियां चाटते रह जाएंगे।