डेस्क:राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान एक मौका और मांगने और बाढ़ नियंत्रण पर काम करने को लेकर दिए गए बयान पर तंज करते हुए सवाल किया है। उन्होने कहा कि 20 साल क्या बाढ़ आमंत्रण पर काम कर रहे थे ? सोमवार को सोशल मीडिया एक्स के हैंडल पर उन्होंने यह तंज किया। लालू यादव ने लिखा कि हमें बिहार में एक मौका और दो, बाढ़ नियंत्रण पर काम करेंगे- अमित शाह। 20 साल क्या बाढ़ आमंत्रण पर काम कर रहे थे?
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी अपने एक्स हैंडल पर इसी बयान पर प्रतिक्रिया दी और सवाल किया कि 20 बरस से बिहार में क्या तालिबान की सरकार है ? उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उपलब्धि के नाम पर कुछ भी नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि ये लोग इतना झूठ कहां से लाते है ?
आपको बता दें गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार को बाढ़मुक्त बनाने का वादा किया है। रविवार को गोपालगंज में आयोजित जनसभा में गृह मंत्री ने बिहार के लोगों से इसके लिए पांच साल का समय मांगा। उन्होंने कहा कि एक और पांच साल के लिए राज्य में एनडीए की सरकार बनाइए, हम बिहार को हमेशा के लिए बाढ़ से मुक्त करेंगे। उन्होने वादा किया कि बिहार में बाढ़ अतीत बन जाएगा।
शाह ने कहा कि बिहार की सभी बंद चीनी मिलों को चालू किया जायेगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि 2025 के चुनाव में एनडीए की सरकार बनवा दीजिए। चीनी मीलों को खोलने के लिए हम पूरी ऊर्जा लगा देंगे। उन्होंने कहा कि एक समय था कि बिहार में देश का 30 प्रतिशत चीनी उत्पादन हुआ करता था, पर वर्ष 2005 की पहले की सरकार में यह छह प्रतिशत से भी कम हो गया है। एक-एक कर चीनी मीलें बंद होती गयीं।