डेस्क:ईद पर पहले से ही संवेदनशील यूपी के मेरठ में नमाज के बाद बवाल हो गया। मुस्लिमों के ही दो पक्ष ईद की नमाज पढ़ने के बाद आपस में भिड़ गए। एक दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे बरसे। दौड़ा-दौड़ाकर लोगों को पीटा गया। पथराव भी हुआ और इसमें कई लोग घायल हो गए हैं। कुछ महिलाएं भी इस दौरान बीच-बचाव करती और हमले से अपनों को बचाती दिखाई दीं। इस दौरान गोली चलाने की भी बात कही जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और मामले को किसी तरह से शांत कराया है। घटना सिवाल खास में हुई।
बताया जाता है कि कस्बा सिवालखास में ईद की नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समाज के लोग फातिया पढ़ने के लिए नहर वाले कब्रिस्तान पर जमा थे। इसी दौरान दो पक्षों में एक दिन पहले हुए विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी के दौरान ही मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। कुछ लोग भागकर अपने घरों में गए और लाठी-डंडा लाकर एक दूसरे पर टूट पड़े। देखते ही देखते पथराव भी शुरू हो गया। कई लोगों को जमीन पर गिराकर ही पिटाई की गई। इससे ईद पर पहने गए नए सफेद कपड़े कीचड़ में सन गए। मारपीट के दौरान ही कई राउंड फायरिंग की आवाजें भी सुनी गईं।
इलाके के लोगों के अनुसार नियात और बदाम खानदानों के बीच विवाद हुआ है। इसमें आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस मौके पर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इससे पहले ईदगाह फुल होने पर जाने से रोके गए नमाजियों की साथ पुलिस की नोकझोंक हुई। शाही ईदगाह का मैदान फुल हो जाने के बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। माइक से घोषणा करते हुए नमाजियों को अंदर आने और सड़क पर नमाज करने से रोक दिया। सड़क पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी भी डलवा दिया गया। हालांकि मौके पर मौजूद डीएम और एसएसपी ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। सड़क पर नमाज नहीं होने दिया। पुलिस ने सख्ती और धैर्य का परिचय देते हुए नमाजियों को सड़क पर नमाज करने से रोक दिया।