डेस्क : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर टेकजोन-4 में प्रस्तावित मेट्रो विश्वविद्यालय के निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। इस विश्वविद्यालय के स्थापित होने से युवाओं को आधुनिक, तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।
सनहिल हेल्थकेयर को मिला भूमि का अधिकार
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अनुसार, सनहिल हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा को विश्वविद्यालय स्थापना के लिए सेक्टर टेकजोन-4 में कुल 40 एकड़ भूमि आवंटित की गई थी। भूखंड संख्या 12ए और 12बी क्रमशः वर्ष 2009 और 2011 में दिए गए थे। रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब संस्था को भूमि का विधिवत कब्जा भी सौंप दिया गया है। इनमें से 26.1 एकड़ भूमि पर मेट्रो विश्वविद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। संस्था ने यहां मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय दोनों स्थापित करने की योजना प्रस्तुत की थी।
निजी विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत मिली मंजूरी
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि यह निर्णय उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 के प्रावधानों के अंतर्गत लिया गया है। इस अधिनियम के जरिए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना, संचालन और नियमन की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
रोजगार और कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा
सनहिल हेल्थकेयर द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव का विधिक परीक्षण करने के बाद इसे मंजूरी दी गई है और संस्था को संचालन प्राधिकार पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया है। नए विश्वविद्यालय की स्थापना से प्रदेश में उच्च शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और कौशल विकास के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
वेस्टर्न सिडनी विश्वविद्यालय का भी खुलेगा कैंपस
ग्रेटर नोएडा में ऑस्ट्रेलिया के वेस्टर्न सिडनी विश्वविद्यालय के कैंपस की स्थापना की दिशा में भी प्रगति हुई है। प्राधिकरण ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के साथ साझेदारी पर सहमति दे दी है। नॉलेज पार्क-4 स्थित बहुमंजिला भवन में इसका कैंपस जल्द शुरू किया जाएगा।
सीईओ का बयान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेट्रो विश्वविद्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

