बेंगलुरु : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ईंधन भंडारण और मूल्य नियंत्रण की व्यवस्था संभालने में विफल रही है, जिसका खामियाजा अब देश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
मीडिया से बातचीत में जी. परमेश्वर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव की जानकारी पहले से थी। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण अब पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में पहले ही महंगाई चरम पर है और ऐसे समय में ईंधन की कीमतें बढ़ाना आम लोगों की परेशानियों को और बढ़ाने वाला कदम है। परमेश्वर ने कहा कि सरकार को जनता को राहत देने के लिए कुछ समय तक कीमतों का भार स्वयं उठाना चाहिए था।
कर्नाटक के गृह मंत्री ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवहन महंगा होने से खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ जाती हैं। इससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित होता है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 3 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके बाद देशभर में ईंधन की नई दरें लागू हो गई हैं। विपक्षी दल लगातार इस फैसले का विरोध कर रहे हैं और इसे जनता विरोधी बता रहे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
