डेस्क :उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने किराये के मकान में चल रहे एक संगठित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो युवतियों और छह युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार सेक्टर-7 में की गई।
पुलिस के अनुसार, सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने सोमवार रात छापेमारी की। यह कार्रवाई लाइनपार चौकी प्रभारी शिवम वशिष्ठ को मिली सूचना के आधार पर की गई थी। छापे के दौरान मकान के अलग-अलग कमरों से दो युवतियों को दो युवकों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया, जबकि अन्य चार युवक भी मौके से गिरफ्तार किए गए।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, संभल और हरियाणा के यमुनानगर के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 76 हजार रुपये नकद, नौ मोबाइल फोन, तीन कारें, शराब की बोतलें और सेक्स वर्धक दवाएं समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
जांच में सामने आया है कि इस रैकेट का मुख्य संचालक रामवीर सिंह है, जिसने बुद्धि विहार स्थित मकान किराये पर लिया था। वह अपनी पत्नी निशा के साथ मिलकर देह व्यापार का संचालन करता था। पुलिस के मुताबिक, निशा पहले से ही इस धंधे में शामिल रही है।
ऑनलाइन होती थी बुकिंग
पुलिस ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था। ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजकर ऑनलाइन बुकिंग की जाती थी। अधिक मांग होने पर दिल्ली और हरियाणा से युवतियों को बुलाया जाता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक ग्राहक से 4 से 5 हजार रुपये तक वसूले जाते थे, जबकि युवतियों को प्रति ग्राहक करीब 1500 रुपये दिए जाते थे। आरोपी ग्राहकों से अग्रिम भुगतान भी लेते थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

