स्पोर्ट्स डेस्क : आगामी FIFA World Cup 2026 से ठीक दो महीने पहले ब्राजील के मुख्य कोच Carlo Ancelotti ने स्टार खिलाड़ी Neymar की फिटनेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नेमार सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन उन्हें पूरी तरह फिट साबित करने के लिए अभी दो महीने का समय और है।
नेमार अक्टूबर 2023 के बाद से ब्राजील टीम के लिए नहीं खेले हैं। उन्हें उरुग्वे के खिलाफ मुकाबले में गंभीर घुटने की चोट लगी थी, जिसके बाद से वह लगातार रिकवरी पर काम कर रहे हैं। साल 2025 की शुरुआत में सऊदी क्लब Al-Hilal से अलग होकर वह अपने पुराने क्लब Santos लौटे, जहां वह अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
हालांकि लंबे समय से टीम से बाहर रहने के बावजूद, नेमार को टीम के सीनियर खिलाड़ियों और मैनेजमेंट का पूरा समर्थन मिल रहा है। खासतौर पर Casemiro का मानना है कि नेमार अपने अनुभव और काबिलियत के दम पर वर्ल्ड कप में अहम भूमिका निभा सकते हैं, भले ही कभी-कभी उनका फॉर्म उतार-चढ़ाव वाला रहा हो।
फ्रांस फुटबॉल से बातचीत में अंचेलोटी ने कहा, “नेमार एक असाधारण प्रतिभा हैं और यह स्वाभाविक है कि लोग मानते हैं कि वह हमें वर्ल्ड कप जिता सकते हैं। उनकी फिटनेस पर ब्राजीलियन फुटबॉल फेडरेशन और मैं खुद नजर रखे हुए हूं। उनके पास खुद को पूरी तरह फिट साबित करने के लिए अभी दो महीने हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं सिर्फ उन्हीं खिलाड़ियों को टीम में शामिल करूंगा जो शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार होंगे। नेमार अपनी चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं और फिर से गोल करना शुरू कर चुके हैं। उन्हें इसी रफ्तार को बनाए रखना होगा, वह सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
हाल ही में फ्रांस और पुर्तगाल के खिलाफ खेले गए फ्रेंडली मैचों में नेमार टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अगर वह पूरी तरह फिट और मैच-रेडी होते हैं तो उनकी वापसी की संभावना बनी हुई है।
वहीं, अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेमार आने वाले समय में सैंटोस छोड़ सकते हैं। उनकी टीम और अमेरिका की मेजर लीग सॉकर क्लब FC Cincinnati के बीच 2027 में संभावित ट्रांसफर को लेकर बातचीत जारी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
