डेस्क:नोएडा में अब नई मायानगरी बसने जा रही है। गौतमबुद्ध नगर जिले में बन रही यमुना फिल्म सिटी में 2027 से फिल्मों की शूटिंग शुरू होने की संभावना है और मार्च के आखिर या अप्रैल की शुरुआत में इसका शिलान्यास हो सकता है। फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी ‘बेव्यू प्रोजेक्ट्स’ और ‘भूटानी ग्रुप’ उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी यमुना फिल्म सिटी के निर्माण में शामिल है।
कपूर गुरुवार को यमुना विकास प्राधिकरण के कार्यालय पहुंचे जहां निर्माता की कंपनी को जमीन पर कब्जा दे दिया गया। कब्जा पत्र लेने के दौरान बोनी कपूर के साथ भूटानी ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आशीष भूटानी भी मौजूद थे। इस अवसर पर बोनी कपूर ने कहा, ‘यमुना फिल्म सिटी विश्व की सबसे बेहतरीन फिल्म सिटी होगी। निर्माण से पहले देश और विदेश की अन्य फिल्म सिटी का आकलन किया गया है और इन सभी की खासियत को शामिल करते हुए इसे एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म सिटी बनाने का लक्ष्य है। यहां फिल्म इंस्टीट्यूट भी बनाया जाएगा, फिल्म निर्माताओं को यहां सहयोगी कलाकार मिल जाएंगे, जिससे फिल्म निर्माण पर लागत कम आएगी, साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।’
उन्होंने बताया कि यहां ‘फिल्म गांव’ भी बनाया जाएगा। इसके साथ स्टूडियो, मॉल, दुकानें, कमर्शियल कॉम्पलेक्स भी विकसित किए जाएंगे। एक जगह पर रिटेल आउटलेट, फूड कोर्ट, होटल, गेस्ट हाउस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा की फिल्म सिटी के पूरी तरह से बनकर तैयार होने में 8 साल का समय लगेगा, लेकिन तीन साल में फिल्म की शूटिंग यहां पर शुरू कर दी जाएगी।
बोनी कपूर ने कहा कि यहां हिंदी, पंजाबी, तमिल, तेलुगू, भोजपुरी, अंग्रेजी समेत 300 से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग प्रति वर्ष करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा की फिल्म सिटी को इस प्रकार से विकसित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार की लोकेशन के लिए कलाकार को किसी अन्य देश में जाने की जरूरत नहीं पड़े।
उन्होंने कहा कि फिल्म सिटी के निर्माण में 1,510 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में फिल्म निर्माण की सुविधा विकसित की जाएगी। दूसरे चरण में बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा, जबकि आखिर में व्यावसायिक गतिविधियां विकसित की जाएगी। जमीन पर कब्जा लेने के दौरान बोनी कपूर और आशीष भूटानी ने अधिग्रहण से प्रभावित किसानों से भी बातचीत की तथा उनकी समस्याओं को सुना।
यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर सिंह ने बताया, ‘गुरुवार को सेक्टर 21 में अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी की निर्माता कंपनी को जमीन पर कब्जा दे दिया गया। निर्माता कंपनी के मालिक बोनी कपूर को कब्जा पत्र दिया गया। निर्माता ने बताया है कि मार्च के आखिर या अप्रैल के पहले सप्ताह में फिल्म सिटी का शिलान्यास होगा।’ सिंह ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय मांगा गया है। उन्होंने कहा कि शिलान्यास होने के तीन साल के अंदर यहां फिल्मों की शूटिंग शुरू हो जाएगी।