डेस्क:जालंधर के गांव ताजपुर में द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विस्डम नाम से मसीही सत्संग करने वाला विवादित पास्टर बजिंदर सिंह के खिलाफ कपूरथला में छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ है। एक महिला ने उस पर फोन पर गलत बातें और मैसेज करने का आरोप है। पीड़िता के मुताबिक, बजिंदर पर छेड़छाड़ के अलावा परिवार को उससे जान का खतरा भी है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। 2018 में रेप केस के बाद बजिंदर की गिरफ्तारी हुई थी। बजिंदर की काफी फैन फॉलोइंग है। वह मरे हुए को जिंदा करने और कैंसर मरीज को ठीक करने का दावा करता है।
कपूरथला निवासी महिला ने बताया कि प्रोफिट बजिंदर सिंह जालंधर के गांव ताजपुर में द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विस्डम नाम से मसीही सत्संग करता है। उसके माता-पिता ने अक्टूबर 2017 में इसके चर्च में जाना शुरू किया था। वहां पर उसने मेरा फोन नंबर ले लिया और फोन पर मेरे साथ उल्टी सीधी बातें करने लगा और मैसेज भी करने लगा। वह इन हरकतों को अपने माता-पिता को बताने से भी डरने लगी थी, लेकिन उसके फोन पर गलत बातें करने का सिलसिला जारी रहा। उसने बताया कि उसके बाद 2022 में उसने मुझे रविवार के दिन चर्च के कैबिन में अकेले बिठाना शुरू कर दिया। आरोपी कैबिन में आकर उसे गलत तरीके से छूता था, जिससे वह बुरी तरह से डरी हुई है। उसने अंदेशा जताया कि ये उसे और उसके परिवार को जान से मरवा देगा।
बजिंदर सिंह पर पहले भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं। साल 2018 में उस रेप का केस लगा था। जीरकपुर की महिला ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। महिला का आरोप था कि उसने यौन उत्पीड़न करके वीडियो बनाया और धमकाने लगा। बजिंदर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हुआ था। उसे इंग्लैंड जाते वक्त दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में वह जेल भी गया था। हालांकि, बाद में आरोप लगाने वाली लड़की बयान से पलट गई थी।
प्रोफिट बजिंदर सिंह बॉलीवुड की नामचीन हस्तियों के साथ प्रचार करता रहा है। इसके कार्यक्रमों में कई बॉलीवुड स्टार आते हैं। उसके कई ऐसे वीडियो इंटरनेट पर मौजूद हैं, जहां वो चमत्कारी दावे करता है। वह दावा करता है कि वह मरे हुए बच्चे तक को जिंदा कर सकता है और कैंसर जैसी भयंकर बीमारी का भी इलाज कर सकता है। बजिंदर सिंह की लोकप्रियता के साथ धर्मांतरण के आरोपों से भी उसका नाम जुड़ा है। राजस्थान के भरतपुर स्थित एक होटल में रविवार 11 फरवरी, 2024 को ईसाई मिशनरी धर्मांतरण का कार्यक्रम चला रहे थे। इस कार्यक्रम में चंडीगढ़ से पादरी बजिंदर सिंह लाइव जुड़ा हुआ था, जो लोगों का धर्मांतरण करवा रहा था।