नई दिल्ली: देश में एलपीजी सिलेंडरों की बढ़ती किल्लत के बीच पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) के लिए नियमों में बदलाव हुआ है। सरकार ने ऐसे कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर रखने, लेने या फिर से भरवाने से रोक दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को इस बारे में ऐलान किया। उसने बताया कि एक संशोधित सप्लाई ऑर्डर के तहत ऐसा किया गया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब मिडिल ईस्ट में टेंशन बढ़ने से एलपीजी सप्लाई बाधित हुई है। वहीं, आईजीएल के जरिए 31 मार्च 2026 तक पीएनजी गैस लाइन का नया कनेक्शन लेने पर पहले बिल में 500 रुपये की छूट मिलेगी।
मंत्रालय ने कहा कि इस संशोधन में सरकारी तेल कंपनियों को भी उन उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन या रीफिल देने से मना किया गया है जिनके पास पहले से ही पीएनजी कनेक्शन हैं। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी उपभोक्ता है। अपनी लगभग 90% जरूरतों के लिए वह आयात पर निर्भर रहता है।
डिस्टर्ब हो गई है एलपीजी की सप्लाई
केप्लर के डेटा के अनुसार, 9 मार्च से शुरू होने वाले सप्ताह में शिपमेंट लगभग 270,000 टन रहने का अनुमान है। यह अप्रैल 2023 के बाद से सबसे कम है। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद मिडिल ईस्ट से सप्लाई लगभग पूरी तरह से रुक गई है। इन हमलों के कारण होर्मुज स्ट्रेट बंद हो गया है। पानी के इसी रास्ते से भारत में ज्यादातर एलपीजी का आयात होता है।
इंतजाम करने में जुटी सरकार
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने हाल ही में संसद को बताया था कि सरकार अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस से अतिरिक्त कार्गो (माल) मंगाने की कोशिश कर रही है। भारत आने वाले जहाजों के सुरक्षित मार्ग को सुनिश्चित करने के लिए ईरान के साथ बातचीत जारी है।
उन्होंने कहा था कि रिफाइनरियों को उत्पादन अधिकतम करने का आदेश दिया गया है। इससे घरेलू एलपीजी उत्पादन में 28% की बढ़ोतरी हुई है। मांग को कंट्रोल करने के लिए एक साल में पहली बार खुदरा कीमतें भी बढ़ाई गई हैं।
हाल ही में सरकार ने 7 मार्च को कुकिंग गैस की कीमतें लगभग एक साल में पहली बार बढ़ाईं। 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की दरें 7% बढ़ाकर 913 रुपये कर दीं। इनका इस्तेमाल ज्यादातर मध्यम-वर्गीय परिवार करते हैं।
नए पीएनजी कनेक्शन पर मिलेगी छूट
वहीं, आईजीएल के जरिए 31 मार्च 2026 तक पीएनजी गैस लाइन का नया कनेक्शन लेने पर पहले बिल में 500 रुपये की छूट मिलेगी। यह छूट उन्हें भी मिलेगी जिन्होंने घर में पीएनजी का कनेक्शन ले लिया है, लेकिन अभी तक एक्टिव नहीं कराया है। आईजीएस ने यह फैसला दिल्ली में पीएनजी गैस लाइन के बढ़ते कनेक्शन की सुविधा को देखते हुए लिया है। यह सुविधा देशभर के सभी आईजीएल उपभोक्ताओं को मिलेगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
