मुंबई :एक्टर प्रतीक गांधी ने मुंबई पुलिस पर उन्हें अपमानित करने का आरोप लगाया है। पिछले दिनों उनके साथ पुलिस ने बुरा बर्ताव किया और इस बारे में बताते हुए एक्टर ने ट्वीट किया है। सोशल मीडिया पर उनका ये ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। प्रतीक गांधी ने बताया कि उनके साथ ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि वो वीआईपी मूवमेंट के दौरान सड़क पर पैदल चलने की कोशिश कर रहे थे। सिर्फ यही नहीं एक्टर ने लिखा कि पुलिस ने उन्हें किसी मार्बल के गोदाम में बंद कर दिया था।
प्रतीक गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मुंबई का वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे वीआईपी मूवमेंट के लिए जाम था। मैंने शूटिंग की लोकेशन पर पहुंचने के लिए पैदल चलना शुरू कर दिया था। इस पर पुलिस ने कंधे से पकड़कर खींचा और एक मार्बल के गोदाम में इंतजार करवाया। तब तक उन्होंने मुझे कुछ बताया भी नहीं। मुझे बुरी तरह से अपमानित किया गया।’
प्रतीक गांधी का ये ट्वीट देखते ही देखते वायरल हो गया। इस पर एक यूजर ने लिखा, ‘शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए हुए थे और शायद इसी कारण से ऐसा हुआ हो।’ इस पर एक्टर ने रिप्लाई करते हुए लिखा- ‘ओह..मुझे नहीं पता था।’ तो वहीं अन्य यूजर्स उनके साथ हुए बुरे बर्ताव के लिए मुंबई पुलिस को खरी खोटी सुना रहे हैं।
प्रतीक गांधी के वर्क फ्रंट की बात करें तो एक्टर फिल्म ‘वो लड़की है कहां’ में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा वो फिल्म ‘फुले’ की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म में उनके साथ एक्टर पत्रलेखा लीड रोल में होंगी। बता दें, वेब सीरीज स्कैम 1992 से प्रतीक गांधी को पहचान मिली। सीरीज में उनकी एक्टिंग की लोगों ने काफी तारीफ की थी।