डेस्क:दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अब तुष्टीकरण की जगह संतुष्टीकरण की राजनीति होगी। कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति पर ‘लक्ष्मणरेखा’ खींचकर ‘राम राज्य’ की स्थापना की जाएगी, जिससे सभी की खुशहाली और समृद्धि सुनिश्चित होगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि दिल्ली में अब तक चली आ रही तुष्टीकरण की राजनीति पर एक ‘लक्ष्मणरेखा’ खींची जाएगी। इसके बदले संतुष्टि की राजनीति के माध्यम से ‘राम राज्य’ की स्थापना की जाएगी, जिससे सभी की खुशहाली और समृद्धि सुनिश्चित होगी। पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में राम नवमी जुलूस में हिस्सा लेते हुए गुप्ता ने कहा कि ‘भगवा’ मिट्टी के रंग और खुशहाली का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को भगवा रंग में क्यों न रंग दिया जाए ताकि हर व्यक्ति समृद्ध हो और शहर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा की सरकार लोगों की कल्पना के अनुसार ‘राम राज्य’ की अवधारणा को साकार करेगी।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में जो तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही थी, उस पर एक लक्ष्मणरेखा खींची जाएगी और अब संतुष्टिकरण की राजनीति होगी। कहा कि दिल्ली को वह सभी अधिकार दिए जाएंगे, जिनकी वह हकदार है। गुप्ता ने कहा कि अब राम राज्य आएगा और हर बच्चा मुस्कुराएगा। हर युवा को नई दिशा मिलेगी और हर महिला समृद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राम नवमी एक महत्वपूर्ण अवसर है। पिछले साल अयोध्या में राम मंदिर का अनावरण किया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाखों लोगों की इच्छा पूरी की।
इससे पहले सुबह में सीएम ने कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की और दिल्ली के लोगों की शांति, समृद्धि तथा खुशहाली के लिए ईश्वर से आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री ने तालकटोरा स्टेडियम में आर्य समाज के 150वें स्थापना दिवस समारोह में भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा और समाज की उन्नति में आर्य समाज का काफी योगदान है। गुप्ता ने कहा कि आज लाखों महिलाओं की उपस्थिति आर्य समाज द्वारा लैंगिक समानता के लिए किए गए प्रयासों के कारण ही संभव हो पाई है।