आपकी अच्छाई किसी की फितरत नहीं बदल सकती। कई लोगों की हरकतें देखकर यही कहा जा सकता है। जैसे, धोखा देने वाले लोगों के पास अपने धोखे को जस्टिफाई करने के लिए कई बहाने होते हैं। रिलेशनशिप में भी यह बात सही बैठती है। जब लोग किसी के साथ रिश्ते में होने के दौरान ही चीटिंग करने लगते हैं। फिर जब उनका धोखा सामने आता है, तो वे अपने पार्टनर पर ही कई तरह के आरोप लगाना शुरू कर देते हैं। कभी-कभी आरोप का यह खेल इतना लम्बा और कड़वा होता है कि धोखा खाया पार्टनर इन चीजों से जल्दी मूव ऑन नहीं कर पाता। वे खुद को ही इस धोखे का जिम्मेदार मानने लग जाते हैं। उनका प्यार और खुद पर से भरोसा तक उठने लग जाता है इसलिए आपके सामने अगर ऐसी सिचुएशन आए, तो इससे डील करना बहुत जरूरी है क्योंकि रोने या दुखी होने से आपकी मेंटल हेल्थ खराब होगी।
गलती आपने नहीं की
इस दुनिया में किसी को धोखा देने का कोई जस्टिफिकेशन नहीं है। आपको यह बात समझनी होगी। धोखा देने वाले लोग सबसे ज्यादा कमजोर होते हैं क्योंकि अगर उनमें हिम्मत होती, तो आपसे रिश्ता तोड़ने के बाद कहीं रिश्ता जोड़ते, न कि इस तरह से आपको धोखा देते इसलिए अपने मन से बात निकाल दें कि आप किसी के धोखे की वजह हैं।
ऐसे इंसान को छोड़ देने में ही भलाई
जो आपको एक बार धोखा दे सकता है, उसे दूसरी बार धोखा देने का मौका न दें, इसलिए यह बेहद जरूरी है कि अपने मन में किसी भी तरह की बातें न आने दें। वहीं, दिल और दिमाग क्लियर रखें कि आपको फिर से ऐसे इंसान को मौका नहीं देना है।
तीसरे की एंट्री
आप यह बात भी सोचें कि अब आप कुछ भी कहेंगे, तो उस इंसान पर कोई असर नहीं होने वाला है क्योंकि अब उसने किसी दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया है, इसलिए अब आपको समझना चाहिए कि रिलेशनशिप में तीसरे की एंट्री होने से कुछ भी पहले की तरह नॉर्मल नहीं हो सकता है।
खुद को सही दिखाने की कोशिश
गलत इंसान को अपनी इमेज की बहुत ज्यादा परवाह होती है। वह कितना भी गलत हो लेकिन दुनिया के सामने अच्छा बना रहना चाहता है। जबकि उसे मन ही मन पता होता है कि उसकी क्या गलती है। ऐसे में खुद गलत होते हुए दूसरों से सहानुभूति लेने वाला इंसान बहुत ही बड़ा धोखेबाज है। खुद को समझाने के लिए यह बहाना भी आपके लिए काफी होना चाहिए।
आप सही हैं, तो किसी की बातों का क्या मतलब
जिस तरह गलत इंसान को पता होता है कि वह गलत है। उसी तरह सही इंसान भी जानता है कि उसकी तरफ से कितनी कोशिशें हुई हैं। ऐसे में आपको किसी को भी कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है। आप सही हैं, बस मूव ऑन करने के लिए यही बात जरूरी है। आप इस घटना से सबक जरूर ले सकते हैं।