डेस्क:मध्य प्रदेश के सागर जिले में भारी बवाल की खबर है। बताया जाता है कि लव जिहाद का आरोप लगा कर एक समुदाय के लोग दूसरे समुदाय से उलझ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की। भीड़ ने कुछ घरों और दुकानों को आग के हवाले भी कर दिया। जैसे ही घटना की जानकारी लगी पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौजूदा वक्त में पूरे इलाके में भारी फोर्स तैनात है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र के ग्राम सानौधा की एक युवती शुक्रवार रात घर से भाग गई। उसका समुदाय विशेष के एक लड़के से प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। सुबह लड़की के घर वालों ने समुदाय विशेष के लड़के की खोजबीन की। जब उनको पता चला कि लड़का भी घर से गायब है तो लोगों में आक्रोश बढ़ गया। घटना से गुस्साए एक समुदाय लोगों ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए हंगाम खड़ा कर दिया।
देखते ही देखते इलाके में लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। इसके बाद भड़की भीड़ ने घरों में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। घटना से गुस्साए लोगों ने घरों और कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। तब तक बवाल काफी बढ़ गया था। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। आसपास के थानों की फोर्स भी बुला ली गई। घरों में लगी आग को बुझाया जा रहा है।
यह भी बताया जा रहा है कि युवती की आज ही शादी होने वाली थी। उससे पहले ही वह समुदाय विशेष के युवक के साथ घर से गायब हो गई। मौके पर एसपी, एडिशनल एसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस अधिकारी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। इस मामले में जो भी कानूनी कार्रवाई होगी उसे अमल में लाया जाएगा। इलाके में माहौल तनावपूर्ण है।