ढाका: कट्टरपंथी राजनीतिक नेता और भारत-विरोधी बयानों के लिए चर्चित शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश के कई शहरों में शुक्रवार रात हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे। 32 वर्षीय हादी की सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिछले सप्ताह ढाका में चुनावी अभियान की शुरुआत के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें सिर में गोली मार दी थी।
इंक़िलाब मंचा के प्रवक्ता और आगामी आम चुनाव के उम्मीदवार हादी पर हुए हमले की खबर फैलते ही हजारों समर्थक सड़कों पर उतर आए और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
राजधानी ढाका में कई इमारतों को आग के हवाले कर दिया गया, जिनमें देश के प्रमुख समाचार पत्र डेली स्टार और प्रथम आलो के कार्यालय भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के दौरान कई कर्मचारी इमारतों में फंसे हुए थे। दमकल विभाग ने बाद में बताया कि डेली स्टार की इमारत में लगी आग पर काबू पा लिया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने हादी के समर्थन में भावनात्मक नारे लगाए और आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। देर रात तक कई इलाकों में तनाव बना रहा, जिसके बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई। पुलिस की ओर से तत्काल कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया।
अन्य शहरों में भी हिंसा
हिंसा की घटनाएं देश के अन्य हिस्सों से भी सामने आईं। बंदरगाह शहर चटगांव में प्रदर्शनकारियों ने भारतीय सहायक उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन किया और भारत-विरोधी नारे लगाए। राजशाही में प्रदर्शनकारियों ने बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के आवास और अवामी लीग के एक कार्यालय में आग लगा दी, जिससे भारी नुकसान हुआ।
भारत-विरोधी माहौल में उबाल
यह हिंसा ऐसे समय में हुई है जब बांग्लादेश में भारत-विरोधी भावनाएं तेज होती जा रही हैं। वर्ष 2024 में छात्र आंदोलन के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत चले जाने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव देखा जा रहा है। इससे पहले सप्ताह में ‘जुलाई ओइक्या’ (जुलाई एकता) के बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग की ओर मार्च किया था और भारत-विरोधी नारे लगाए थे।
अंतरिम सरकार की शांति की अपील
अगस्त 2024 से बांग्लादेश में नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार सत्ता में है। हादी की मौत के बाद राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में यूनुस ने इसे देश के राजनीतिक और लोकतांत्रिक जीवन के लिए “अपूरणीय क्षति” बताया।
उन्होंने जनता से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी जांच सुनिश्चित करेगी और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। यूनुस ने चेतावनी दी कि हिंसा से 12 फरवरी को प्रस्तावित आम चुनाव की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है।
अंतरिम सरकार ने हादी के सम्मान में शनिवार को राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और देशभर में विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की जाएंगी।
भारतीय उच्चायोग की एडवाइजरी
हालात को देखते हुए ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने बांग्लादेश में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें अनावश्यक यात्रा से बचने और अपने आवासों तक सीमित रहने की सलाह दी गई है। किसी आपात स्थिति में नागरिकों से उच्चायोग या सहायक उच्चायोगों से संपर्क करने को कहा गया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
