स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर इतिहास के करीब कदम बढ़ा दिए हैं।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 254 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लैंड की टीम पूरे प्रयास के बावजूद 246 रन ही बना सकी और भारत ने रोमांचक मुकाबले में 7 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत लगातार दो टी20 विश्व कप फाइनल खेलने वाली तीसरी टीम बन गया है।
इससे पहले भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 में कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब सूर्यकुमार यादव की टीम के पास उस सफलता को दोहराने का सुनहरा अवसर है।
लगातार दो टी20 विश्व कप फाइनल खेलने का कारनामा इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम कर चुकी हैं। पाकिस्तान ने 2007 और 2009 में लगातार दो फाइनल खेले थे—2007 में उसे भारत से हार मिली थी, जबकि 2009 में उसने ट्रॉफी जीत ली थी। वहीं श्रीलंका ने 2012 और 2014 में लगातार फाइनल खेले, जिसमें 2012 में हार के बाद 2014 में उसने भारत को हराकर खिताब जीता था।
अब भारत के सामने इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। 8 मार्च को होने वाले फाइनल में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम से होगा, जिसने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है।
यदि भारत यह मुकाबला जीतने में सफल रहता है, तो वह लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा। साथ ही टीम इंडिया अपने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने वाली भी पहली टीम बन सकती है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
