डेस्क:राम नवमी के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीराम का आशीर्वाद सभी पर बना रहे, इसकी कामना की। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से हम अपने सभी प्रयासों में सफलता प्राप्त करें।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु के पवित्र तीर्थस्थल रामेश्वरम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीराम के मंदिर में पूजा-अर्चना की। राम नवमी के दिन प्रधानमंत्री ने दोपहर 12 बजे भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल – नया पंबन रेल ब्रिज – का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने एक ट्रेन और एक जहाज को हरी झंडी दिखाकर पुल के संचालन का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर 12:45 बजे रामनाथस्वामी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन और पूजा की। इसके पश्चात करीब 1:30 बजे उन्होंने तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया।
राम नवमी के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें धर्म, न्याय और कर्तव्य की भावना का संदेश देता है। उन्होंने श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए सभी से देश के विकास में योगदान देने की अपील की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस अवसर पर सभी देशवासियों को राम नवमी की बधाई दी। उन्होंने कहा, “प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, सेवा और मानवीय मूल्यों की रक्षा की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम से सभी के स्वस्थ, सुदीर्घ और समृद्ध जीवन की कामना करता हूं।”
राम नवमी पर पूरे देश में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चनाएं की गईं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।