नई दिल्ली:दिल्ली में चुनावी प्रचार के अंतिम दौर की सरगर्मी के बीच राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्वाति मालीवाल पूर्वांचल की महिलाओं के एक समूह के साथ सोमवार को यमुना नदी का जल लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंच गईं। वहीं दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और शांति कायम करने के लिहाज से स्वाति मालिवाल को हिरासत में ले लिया।
दिल्ली पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने से पहले स्वाति मालीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी को नाले में तब्दील कर दिया है। यमुना में काला गंदा सड़ा पानी बह रहा है। नदी वेंटिलेटर पर है और अरविंद केजरीवाल अपने महल में हैं। केजरीवाल आलीशान कारों में घूमते हैं। अब पूर्वांचल की हजारों महिलाएं उनको चुनौती देने आई हैं।
मालीवाल ने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल को भी महिलाओं से इतना नहीं डरना चाहिए और बाहर आकर यमुना के गंदे पानी में डुबकी लगानी चाहिए। अरविंद केजरीवाल को यमुना के पानी का एक घूंट पीना चाहिए। पूर्वांचल की महिलाएं कह रही हैं कि अरविंद केजरीवाल को छठ मैया का श्राप लगेगा क्योंकि महिलाओं के पास छठ मनाने के लिए कोई और जगह नहीं है।