बैंकॉक: थाईलैंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की थाईलैंड यात्रा के अवसर पर गुरुवार को थाईलैंड सरकार ने एक विशेष डाक टिकट जारी किया, जिसमें 18वीं सदी की रामायण म्यूरल पेंटिंग्स को दर्शाया गया है। यह डाक टिकट थाईलैंड के राष्ट्रीय महाकाव्य ‘रामाकियन’ पर आधारित है, जो भारतीय वाल्मीकि रामायण से प्रेरित है। पीएम मोदी थाईलैंड में 2 से 4 अप्रैल तक आयोजित BIMSTEC शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस विशेष सम्मान के लिए थाई सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि “भारत और थाईलैंड के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध हैं। बौद्ध धर्म के प्रसार ने दोनों देशों की जनता को जोड़ा है। अयुत्थया से नालंदा तक विद्वानों का आदान-प्रदान हुआ है। रामायण की कहानियां थाई लोगों के जीवन का हिस्सा हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “संस्कृत और पाली का प्रभाव आज भी थाई भाषा और परंपराओं में देखा जा सकता है। मैं थाईलैंड सरकार का आभार प्रकट करता हूं कि मेरी यात्रा के दौरान रामायण म्यूरल पेंटिंग्स पर आधारित एक स्मारक डाक टिकट जारी किया गया।”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने भी X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, “एक मजबूत सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध। पीएम @narendramodi की आधिकारिक यात्रा के उपलक्ष्य में, थाईलैंड सरकार ने राजा राम प्रथम के शासनकाल के दौरान बनी रामायण म्यूरल्स को दर्शाते हुए एक विशेष iStamp जारी किया।”
प्रधानमंत्री मोदी ने थाई प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने भारत-थाईलैंड संबंधों को “रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक ले जाने पर सहमति जताई।
इस दौरान कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए, जिनमें शामिल हैं:
- भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी की स्थापना पर संयुक्त घोषणा।
- भारत के सागरमाला प्रभाग और थाईलैंड के फाइन आर्ट्स विभाग के बीच लोथल (गुजरात) में नेशनल मैरीटाइम हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के विकास हेतु समझौता।
- माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (MSME) के क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत की नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (NSIC) और थाईलैंड की ऑफिस ऑफ स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज प्रमोशन (OSMEP) के बीच समझौता।
- भारत के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्रालय (MDONER) और थाईलैंड के विदेश मंत्रालय के बीच समझौता।
- उत्तर-पूर्वी हस्तशिल्प और हथकरघा विकास निगम (NEHHDC) और थाईलैंड की क्रिएटिव इकोनॉमी एजेंसी (CEA) के बीच सहयोग समझौता।
इससे पहले, बैंकॉक में भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का पारंपरिक प्रार्थनाओं और गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक रिश्तों की झलक मिली।
थाईलैंड की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे।