डेस्क : केरल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले Shashi Tharoor के काफिले पर हमला होने की खबर सामने आई है। यह घटना मलप्पुरम जिले के वंडूर इलाके में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब वह एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, वंडूर के थिरुवली के पास स्थित चेल्लीथोड पुल पर भारी जाम के बीच दो वाहनों ने थरूर की गाड़ी को रोक लिया। रास्ता साफ कराने की कोशिश कर रहे उनके निजी सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर सतीश के.पी. पर अचानक 5 लोगों के समूह ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों घायल हो गए।
घटना के बाद Shashi Tharoor ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन अपने सुरक्षा गार्ड पर हुए हमले से दुखी हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना से उनके चुनावी कार्यक्रमों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और अभियान जारी रहेगा।
ड्राइवर की शिकायत पर वंडूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य चार की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि Shashi Tharoor कांग्रेस नेता ए.पी. अनिलकुमार के चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद राज्य की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है।
गौरतलब है कि केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। वंडूर में यूडीएफ उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करते हुए थरूर ने भरोसा जताया कि कांग्रेस नीत गठबंधन बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा। मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला चुनाव परिणाम के बाद पार्टी नेतृत्व और निर्वाचित विधायक मिलकर करेंगे।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

