होली खेलना अधिकतर लोगों को पसंद होता है, लेकिन स्किन और बालों के नुकसान के डर से लोग होली खेलने से बचते हैं। दरअसल, होली के रंग पक्के हो तो उन्हें हटाना काफी मुश्किल हो जाता है। इसी के साथ इन रंगों की वजह से बाल भी काफी खराब हो जाते हैं। अगर होली खेलना पसंद है और बाल खराब होने के डर से खेलने से बच रहे हैं तो यहां कुछ तरीके हैं जो आपके काम आ सकते हैं।
*जैतून या अरंडी का तेल
रंग खेलने के लिए बाहर जाने से पहले बालों में अरंडी का तेल या जैतून का तेल लगाएं। तेल बालों के ऊपर एक सुरक्षात्मक परत बना देगा। इससे बाल धोने पर रंग आसानी से उतर जाएगा। अगर आपके पास जैतून का तेल या अरंडी का तेल नहीं है, तो आप नारियल या बादाम का तेल लगा सकते हैं। होली खेलने से एक रात पहले बालों पर तेल की मालिश कर सकते हैं।
* दही का करें इस्तेमाल
होली खेलने के तुरंत बाद बालों में शैंपू करने से बचें। जबकि शैम्पू से कम से कम 45 मिनट पहले बालों में दही लगाएं। यह रंगों को हटाने और बालों को होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है।
*सरसों का तेल
होली खेलने से पहले आप दादी नानी के फेवरेट सरसों के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तेल की मदद से अच्छी तरह मालिश कर लें और होली खेलने के बाद बालों में शैंपू करें।
*नारियल का दूध
बालों को होली के रंगों से बचाने के लिए बालों पर नारियल का दूध लगाना एक अच्छा तरीका है। यह रंगों को आसानी से हटाने में भी मदद करता है। खेलने से पहले बालों में नारियल का दूध लगाएं। साथ ही इसे शैंपू से पहले लगाएं और एक घंटे के लिए छोड़ दें। फिर शैंपू से साफ करें।