कड़ाके की सर्दी खत्म हो रही है। ऐसे में लोग कंबल और रजाई को वापस रखने लगे हैं। लेकिन सर्दियों के खत्म होने पर इन्हें वापस से रखने से पहले जरूरी है कि साफ कर लें। लगातार कंबल ओढ़ने से उसमे बैक्टीरिया और धूल-मिट्टी जम जाती है। ऐसे में इसे पानी से साफ करना बड़ा मुश्किल लगता है। वहीं कई सारे कंबल और रजाई पानी से धोने पर पूरी तरह खराब भी हो जाते हैं। अगर आपको भी कंबल-रजाई को साफ करना मुश्किल काम लगता है तो इन 4 क्लीनिंग टिप्स को अपनाएं। इनसे रजाई-कंबल वापस आलमारी में डालने से पहले साफ हो जाएंगे।
ब्लैंकेट क्लीनिंग टिप्स 1
रजाई या मोटे कंबल को साफ करने का ये सबसे सरल तरीका है। सबसे पहले कंबल को धूप में किसी रस्सी पर टांग दें। जब इसमे चार से पांच घंटे धूप लग जाए तो किसी डंडे की सहायता से इसे पीटें। ऐसा करने से कंबल में जमा धूल-मिट्टी बाहर निकल जाएगी और कंबल पूरी तरह से साफ हो जाएगा। धूप में डालने की वजह से बैक्टीरिया भी मर जाएंगे और पानी से धोने की मेहनत नहीं करनी पड़ेगी।
ब्लैंकेट क्लीनिंग टिप्स 2
भारी कंबल या रजाई को गंदा होने से बचाने का सबसे अच्छा तरीका है इस पर कवर चढ़ाकर रखें। इससे कंबल गंदे होने से बच जाते हैं। खासतौर पर घर में बच्चे हों तो कवर जरूर चढ़ाएं। बस ठंड खत्म होने लगे तो कवर को अच्छी तरह से साफ कर लें और आपका सारा काम आसान हो जाएगा।
ब्लैंकेट क्लीनिंग टिप्स 3
सर्दियों के पूरे मौसम में कंबल को ओढने से उन पर गंदगी और बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं। ऐसे में इसे ओढ़ने से इंफेक्शन का खतरा रहता है। सर्दियों के बीच में ही हर 15 दिन में कंबल-रजाई को धूप दिखा दें। इससे वो ज्यादा गंदे नहीं होंगे और बैक्टीरिया भी पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे।
ब्लैंकेट क्लीनिंग टिप्स 4
कंबल में दाग-धब्बे लग गए हैं तो उन्हें साफ करने के लिए आप किसी गीले कपड़े की मदद से रगड़ें। फिर इन्हें धूप में डाल दें। इससे कंबल साफ हो जाएगा और धूप में सूख भी जाएगा।