Bansal Wire IPO: स्टील के तार बनाने वाली कंपनी बंसल वायर इंडस्ट्रीज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की जबरदस्त डिमांड है। इस आईपीओ को बोली के दूसरे दिन गुरुवार को 5.72 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार आरंभिक शेयर बिक्री में 2,14,60,906 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 12,28,12,970 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। गैर-संस्थागत निवेशकों के खंड को 12.16 गुना जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के लिए 6.18 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को मात्र नौ प्रतिशत अभिदान मिला। बता दें कि बंसल वायर इंडस्ट्रीज ने मंगलवार को कहा कि उसने एंकर निवेशकों से 223 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई है।
ग्रे मार्केट में 58 रुपये मुनाफा
इस आईपीओ के तहत 745 करोड़ रुपये मूल्य के नए इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं और इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) नहीं है। आईपीओ के लिए इश्यू प्राइस 243-256 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। आईपीओ के ग्रे मार्केट प्रीमियम की बात करें तो 58 रुपये है। इस लिहाज से आईपीओ की लिस्टिंग 314 रुपये पर हो सकती है। यह 22.66% प्रीमियम को दिखाता है। आईपीओ से मिलने वाली रकम का उपयोग कर्ज भुगतान, कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
कंपनी के बारे में
बता दें कि कंपनी की भारत के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में चार मैन्युफैक्चरिंग फैसलिटीज हैं। इसमें तीन गाजियाबाद (यूपी) और एक बहादुरगढ़ (हरियाणा) में है। इसका 22 राज्यों और छह केंद्र शासित प्रदेशों में डीलर वितरण नेटवर्क है। कंपनी के आरएचपी (रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) के मुताबिक FY22 से FY24 तक इस कंपनी की कुल आय बढ़कर ₹2470 करोड़ पर पहुंच गई। एबिटा की बात करें तो ₹149.31 करोड़ हो गया। वहीं, प्रॉफिट बढ़कर ₹78.80 करोड़ हो गया है।
कब तक लिस्टिंग की उम्मीद
डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स (पूर्व में आईडीएफसी सिक्योरिटीज) और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स बंसल वायर आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। वहीं, केफिन टेक्नोलॉजीज इश्यू के लिए रजिस्ट्रार हैं। कंपनी के शेयर बुधवार, 10 जुलाई को लिस्टिंग की अस्थायी तारीख के साथ बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध किए जाएंगे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
