स्पोर्ट्स डेस्क : राजधानी दिल्ली को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत की बड़ी मेजबानी का अवसर मिला है। 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी।
इसकी आधिकारिक घोषणा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और इससे भारत की खेल क्षमता तथा आयोजन दक्षता को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस प्रतियोगिता में कॉमनवेल्थ देशों के 35 से अधिक राष्ट्रों के खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड जैसे प्रमुख देशों के शीर्ष खिलाड़ी शामिल होंगे।
सात दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में पुरुष, महिला तथा युगल वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबले 2 अगस्त को आयोजित होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए दिल्ली सरकार और भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) संयुक्त रूप से तैयारियों में जुटे हैं।
त्यागराज स्टेडियम को इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को खेलों का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगा।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
