डेस्क: गौतमबुद्ध नगर के लिए 28 मार्च 2026 का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। इस दिन जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही 25 साल पुराना सपना पूरा होगा और एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट का खिताब भी जिले के नाम दर्ज हो जाएगा। क्षेत्र के लोग इस अवसर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का प्रस्ताव वर्ष 2001 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा पास किया गया था। इसके बाद परियोजना कई वर्षों तक ठंडे बस्ते में रही। यूपीए सरकार के समय इसे दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट से करीब 150 किलोमीटर की दूरी का हवाला देकर स्थगित कर दिया गया। बाद में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसे आगरा में स्थानांतरित करने का प्रयास किया, लेकिन वर्ष 2014 में भाजपा की सत्ता में आने के बाद जेवर में एयरपोर्ट बनाने का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया। स्थानीय लोगों ने बिना किसी विवाद के परियोजना के लिए जमीन दी और इसका स्वागत किया।
25 साल की लंबी यात्रा पूरी होगी
इस विशाल परियोजना के लिए पांच वर्षों में 2,500 से अधिक हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई। दिल्ली के उप राज्यपाल स्वयं एयरपोर्ट का दौरा कर अधिग्रहण प्रक्रिया का जायजा लेने पहुंचे थे। ऐसे में 25 वर्ष पहले शुरू हुई एयरपोर्ट की यात्रा अब 28 मार्च 2026 को अपनी पूर्णता को पहुंचेगी।
पश्चिमी यूपी के विकास में बड़ा योगदान
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल गौतमबुद्ध नगर जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास का नया आयाम लेकर आएगा। गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और हरियाणा के जिलों में एयरपोर्ट के कारण कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं आई हैं। जिले में सबसे अधिक निवेश के पीछे भी यही एयरपोर्ट एक प्रमुख कारण है। इसके संचालन से लगभग 70 लाख लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
9 दिसंबर 2024 को हुआ पहला विमान लैंड
एयरपोर्ट के 3,900 मीटर लंबे और 60 मीटर चौड़े रनवे पर 9 दिसंबर 2024 को पहली बार इंडिगो एयरलाइंस का एयरबस A-320 (VT-IFI) लैंड किया गया। विमान ने करीब 25 मिनट तक हवा में ILS और अन्य उपकरणों की जांच की और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ समन्वय के बाद सफल लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद विमान को वाटर कैनन से सलामी दी गई, जिसे वहां मौजूद लोगों ने कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया।
यह एयरपोर्ट न केवल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ाएगा, बल्कि पश्चिमी यूपी को वृहद स्तर पर नई पहचान भी देगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

