डेस्क:बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दे दी है। बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली का ऐलान किया गया है। सीएम नीतीश ने खुद एक्स पर इस बात की जानाकरी दी है। सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, ‘हमलोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब हमने तय कर दिया है कि 1 अगस्त, 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा। इससे राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा। हमने यह भी तय किया है कि अगले तीन वर्षों में इन सभी घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर उनके घर की छतों पर अथवा नजदीकी सार्वजनिक स्थल पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर लाभ दिया जाएगा।
कुटीर ज्योति योजना के तहत जो अत्यंत निर्धन परिवार होंगे उनके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने हेतु पूरा खर्च राज्य सरकार करेगी तथा शेष के लिए भी सरकार उचित सहयोग करेगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को अब बिजली का 125 यूनिट तक कोई खर्च नहीं लगेगा, साथ ही साथ राज्य में अगले तीन वर्षों में एक अनुमान के अनुसार 10 हजार मेगावाट तक सौर ऊर्जा उपलब्ध हो जाएगी।’
आपको बता दें कि इससे पहले बुधवार को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अहम निर्देश दिया था। सीएम नीतीश कुमार के इस निर्देश से बिहार में सरकारी टीचर बनने की आस में बैठे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली थी। सीएम नीतीश कुमार ने इसकी भी जानकारी एक्स पर दी थी। सीएम ने बताया था, ‘हमने शिक्षा विभाग को कहा है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की रिक्तियों की गणना तुरंत कर ली जाए और इस पर नियुक्ति के लिए TRE 4 की परीक्षा शीघ्र लेने की कार्रवाई की जाए। राज्य सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि नियुक्तियों में 35 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षण का लाभ बिहार की निवासी महिलाओं को ही दिया जाएगा।’













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

