स्पोर्ट्स डेस्क:भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के शुरुआती तीन दिन तक पिच ज्यादातर बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। ऐसे में वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के स्पिनर खारी पियरे को उम्मीद है कि उनकी टीम के पास मैच को पांचवें दिन तक ले जाने का मौका है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज ने फालोऑन मिलने के बाद दो विकेट पर 173 बनाकर अच्छी शुरुआत की है।
जॉन कैंपबेल (नाबाद 87) और और शाई होप (नाबाद 66) के बीच तीसरे विकेट के लिए अट्रट शतकीय साझेदारी की जिससे टीम पारी की हार से बचने से 97 रन दूर है। पियरे ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पिच अभी भी अच्छी है, कभी-कभी गेंद स्पिन हो रही है।’’ पियरे ने भारतीय स्पिनरों को विकेट लेने में हो रही परेशानी का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अगर पिच ऐसे ही बनी रही, तो हमारे बल्लेबाजों को टिकने और रन बनाने का भरपूर मौका मिलेगा। हम पांचवें दिन तक मैच खींच सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अभी यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच है, लेकिन जैसे ही हम चौथे दिन के अंतिम सत्र या पांचवें दिन पहुंचेंगे, मुझे लगता है कि पिच काफी टूटेगी, गेंद नीची रहेगी और थोड़ा ज्यादा स्पिन भी करेगी।” पियरे ने वेस्टइंडीज की वापसी की उम्मीद जताते हुए कहा, ‘‘मैं कहूंगा कि इस टेस्ट में अभी कुछ भी तय नहीं है। अगर हम कल (चौथे दिन) सही तरह से बल्लेबाजी करें तो मैच में बने रह सकते हैं। हम अगर बढ़त लेने में सफल रहे तो चौथे दिन के आखिरी सत्र और पांचवें दिन स्पिनरों को मदद मिलेगी। ऐसे में हम मैच को रोमांचक बना सकते हैं।’’
दिल्ली टेस्ट में भारत का पलड़ा अब भी काफी भारी है लेकिन कैंपबेल की आत्मविश्वास से भरी पारी से दिन का तीसरा सत्र वेस्टइंडीज के नाम रहा। यह पूरी सीरीज का पहला ऐसा सत्र है जो वेस्टइंडीज के नाम रहा। कैंपबेल ने 145 गेंद की पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाये। खासकर कुलदीप यादव के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया। इससे पहले शुरुआती दो सत्र में कुलदीप ने अपनी कलात्मकता का नजारा पेश करते हुए पांच विकेट झटककर वेस्टइंडीज की पहली पारी को 248 पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने पहली पारी 518/5 के स्कोर पर घोषित की थी। पहली पारी में 270 रन की बढ़त होने के कारण भारत ने वेस्टइंडीज को फालोऑन करने को कहा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
