डेस्क: साल 1997 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘बॉर्डर’ ने अपनी कहानी, एक्शन और म्यूजिक से दर्शकों का दिल जीत लिया था। फिल्म का गाना ‘संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं’, जिसे सोनू निगम ने आवाज़ दी थी, सीमा पर तैनात जवानों से लेकर आम दर्शकों तक हर किसी के दिल को छू गया। यह गाना आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है। सोनू निगम के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर इसे अब तक 3 करोड़ 70 लाख बार देखा जा चुका है, वहीं अल्ट्रा बॉलीवुड चैनल पर इसके 2 करोड़ व्यूज हैं। अब खुशखबरी यह है कि ‘बॉर्डर-2’ में इस गाने को रीमेक किया जाएगा।
‘संदेशे आते हैं’ का रीक्रिएशन
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने बताया कि इस बार गाने में कुछ बदलाव होंगे। उन्होंने कहा,
“इस बार ‘संदेशे आते हैं’ में हमने नए गायकों को भी शामिल किया है। हम इसे 2 जनवरी को लोंगेवाला में जवानों के साथ लॉन्च करेंगे। हमारी कोशिश रही है कि इसमें पहले गाने जैसा इमोशन रहे और साथ ही इसे आधुनिक धुन भी मिले। लिरिक्स में भी थोड़े बदलाव किए जा सकते हैं।”
पहले पार्ट की तरह, बॉर्डर-2 भी लोंगेवाला की जंग पर आधारित है।
सनी देओल के बिना असंभव
भूषण कुमार ने सनी देओल की तारीफ़ करते हुए कहा,
“सनी सर के बिना ‘बॉर्डर-2’ बनाना असंभव है। उन्होंने इस फिल्म में अपनी मेहनत और समय बहुत दिया, इसके लिए मैं उनका दिल से शुक्रगुज़ार हूँ।”
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार वह थोड़े नर्वस हैं क्योंकि लोग फिल्म की तुलना पहले पार्ट से करेंगे। उन्होंने कहा,
“यह फिल्म हमारे लिए बहुत इमोशनल है। सभी ने शानदार काम किया है।”
पहले पार्ट के मुकाबले कई गुना बड़ा बजट
पहला पार्ट 10 करोड़ रुपये के बजट में बना था और इसका वर्ल्डवाइड लाइफटाइम कलेक्शन 65 करोड़ 57 लाख रुपये रहा था। अब बॉर्डर-2 का बजट करीब 250 करोड़ रुपये है। फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज़ किया जा चुका है और ट्रेलर का इंतजार अब दर्शकों को है। 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल मचाती है, यह जल्द ही पता चल जाएगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
