डेस्क: उत्तर भारत में इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। मौसम विभाग ने 19 से 21 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत अधिकांश राज्यों में भीषण ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेताया है कि घने कोहरे के कारण हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में दृश्यता बेहद कम रहेगी, जिससे सड़क पर यात्रा करने वालों को विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है।
पहाड़ों में बर्फबारी का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, गिलगित और बाल्टिस्तान में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पहाड़ी इलाकों से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों में ठंड को और बढ़ा देंगी। गुरुवार को इंदौर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कई राज्यों में तापमान सामान्य से कम रहा।
दिल्ली में मौसम की स्थिति
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 19 से 21 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा। स्मॉग के कारण राजधानी में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ सकता है। गुरुवार को दिल्ली के 15 इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार चला गया।
उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश में आगामी तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिंह के अनुसार निचले वायुमंडल की प्रतिकूल परिस्थितियों, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। खासकर तराई और मैदानी क्षेत्रों में ठंड और अधिक महसूस होगी।
मौसम विभाग के मानकों के अनुसार यदि मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री कम रहे, तो इसे शीत दिवस कहा जाता है। यदि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री या उससे अधिक कम हो जाए, तो गंभीर शीत दिवस की स्थिति मानी जाती है।
पंजाब और हरियाणा में बारिश के आसार
पंजाब में ठंड बढ़ने के साथ 20 से 22 दिसंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। घना कोहरा छाये रहने के भी संकेत हैं। मौसम वैज्ञानिक शिवेंद्र सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है और लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से राजमार्गों पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेडलाइट और फॉग लाइट चालू रखें तथा इंडिकेटर का उपयोग करें। सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

