डेस्क : स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोनीपत के कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को भारत वापस लाने में कामयाबी पाई है। हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े इस शार्प शूटर को इंटरपोल और गृह मंत्रालय के समन्वय से अमेरिका से डिपोर्ट कराया गया। बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचते ही STF की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।
फर्जी पहचान पर बना था पासपोर्ट, 2025 में हुआ फरार
सोनीपत के गांव भैंसवाल कलां का रहने वाला अमन भैंसवाल हत्या, रंगदारी समेत 10 से अधिक संगीन मामलों में वांछित है। जांच में सामने आया कि उसने दिल्ली के मयूर विहार इलाके के एक फर्जी पते के आधार पर ‘अमन कुमार’ नाम से पासपोर्ट बनवाया और वर्ष 2025 में अमेरिका फरार हो गया था। इस फर्जीवाड़े को लेकर STF ने गोहाना सदर थाने में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर इंटरपोल को सूचना भेजी थी।
हलवाई की दुकान पर फायरिंग और एक करोड़ की रंगदारी का आरोप
अमन भैंसवाल का नाम हाल ही में रोहतक के सांपला इलाके में ‘सीताराम हलवाई’ की दुकान पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में सामने आया था। हमले के दौरान बदमाशों ने मौके पर पर्ची फेंककर एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की थी, जिस पर अमन भैंसवाल ग्रुप का नाम लिखा था। इसके अलावा गोहाना के ‘मातूराम हलवाई’ कांड में भी उसकी भूमिका के सबूत मिले हैं।
STF की रडार पर था गैंगस्टर
हरियाणा STF अधिकारियों के अनुसार, अमन भैंसवाल को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उसके नेटवर्क, सहयोगियों और विदेश में बैठे आकाओं के बारे में अहम जानकारियां जुटाई जा सकें। उल्लेखनीय है कि हरियाणा STF अब तक विदेश फरार 8 से अधिक बड़े गैंगस्टरों को भारत वापस लाने में सफल रही है, जिनमें मनपाल और जोगेंद्र ग्योग जैसे नाम शामिल हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
