डेस्क : भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। बिहार के कद्दावर नेता नितिन नवीन (45) सोमवार को निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। वह इस पद पर पहुंचने वाले अब तक के सबसे युवा नेता हैं। पार्टी के शीर्ष पद के लिए नितिन नवीन एकमात्र उम्मीदवार थे। उनके नामांकन का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने रखा। औपचारिक घोषणा मंगलवार को की जाएगी। नितिन नवीन, वर्ष 2020 से अध्यक्ष पद संभाल रहे जेपी नड्डा का स्थान लेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया के निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने बताया कि इस पद के लिए केवल एक ही नामांकन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा, “मैं यह घोषणा करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन का नाम ही प्रस्तावित किया गया है।” लक्ष्मण के अनुसार, नितिन नवीन के समर्थन में कुल 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें से सभी वैध पाए गए।
इन 37 नामांकन पत्रों में 36 पार्टी की राज्य इकाइयों की ओर से जबकि एक भाजपा संसदीय दल की ओर से प्रस्तुत किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन प्रस्तावकों के रूप में हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर भाजपा के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, किरेन रीजीजू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल थे। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को दोपहर दो बजे से चार बजे के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई।
लक्ष्मण ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव पूरे होने के बाद शुरू की गई, जो आवश्यक न्यूनतम संख्या से कहीं अधिक है। इसके लिए 16 जनवरी को मतदाता सूची भी प्रकाशित कर दी गई थी।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना वर्ष 1980 में हुई थी और उसी वर्ष नितिन नवीन का जन्म भी हुआ। उन्होंने वर्ष 2006 में अपने पिता और भाजपा विधायक रहे नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा। नितिन नवीन बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास एवं आवास मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। दिसंबर में उन्हें भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, जिसके बाद अब वह पार्टी के शीर्ष पद पर पहुंच गए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

