डेस्क : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर होती है। फिलहाल किसान पीएम किसान की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कृषि मंत्रालय ने अगली किस्त जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और अब बजट पेश होने का इंतजार है। माना जा रहा है कि 1 फरवरी को केंद्रीय बजट आने के बाद सरकार किसानों के खातों में 22वीं किस्त की राशि भेज सकती है। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह किस्त मार्च से अप्रैल 2026 के बीच भी जारी हो सकती है। हर किस्त के तहत किसानों को 2,000 रुपये मिलते हैं। इससे पहले 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को तमिलनाडु के कोयंबटूर से जारी की गई थी। आमतौर पर सरकार हर चार महीने में एक किस्त जारी करती है।
जरूरी शर्तें पूरी करना अनिवार्य
पीएम किसान योजना का लाभ पाने के लिए किसानों को कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं। इनमें eKYC का पूरा होना, बैंक खाते का आधार से लिंक होना और भूमि रिकॉर्ड का पीएम किसान पोर्टल पर दर्ज होना शामिल है। सरकार ने eKYC को अनिवार्य इसलिए किया है ताकि योजना की राशि सही लाभार्थी तक पहुंचे और फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके। जिन किसानों का eKYC पूरा नहीं है, उनकी किस्त अटक सकती है।
eKYC के आसान विकल्प
अब eKYC कराने के लिए किसानों के पास कई सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध हैं। किसान मोबाइल फोन के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन से eKYC कर सकते हैं। इसके लिए पीएम किसान मोबाइल ऐप और आधार फेस RD ऐप डाउनलोड करना होगा। मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद बेनिफिशियरी स्टेटस पेज पर जाकर eKYC विकल्प चुनना होगा। आधार नंबर दर्ज कर चेहरे को स्कैन करते ही प्रक्रिया पूरी हो जाती है और 24 घंटे के भीतर स्टेटस अपडेट हो जाता है। इसके अलावा OTP आधारित eKYC और CSC या सेवा केंद्र पर बायोमेट्रिक eKYC की सुविधा भी दी गई है।
इन किसानों को नहीं मिलेगा लाभ
हालांकि, कुछ श्रेणियों के किसानों को पीएम किसान योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। विभाग ने ऐसे मामलों की पहचान की है, जहां नियमों के अनुसार किसान अपात्र हो सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, जिन किसानों ने 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है या एक ही परिवार के दो सदस्य योजना का लाभ ले रहे हैं, उनके भुगतान को फिलहाल रोका गया है। ऐसे मामलों में फिजिकल वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे पीएम किसान की वेबसाइट, मोबाइल ऐप पर ‘Know Your Status’ या किसान ई-मित्र चैटबॉट के जरिए अपनी पात्रता जरूर जांच लें।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

