डेस्क : रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रविवार को मॉस्को और कीव दोनों मोर्चों पर हालात तनावपूर्ण रहे। रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने राजधानी मॉस्को की ओर बढ़ रहे 11 यूक्रेनी ड्रोन को एक घंटे के भीतर मार गिराने का दावा किया है। बढ़ते खतरे को देखते हुए मॉस्को के सभी चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर एहतियातन उड़ान संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
रूस की नागरिक उड्डयन एजेंसी रोसावियात्सिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दोमोदेदेवो, वनुकोवो, ज़ुकोवस्की और शेरेमेतयेवो हवाई अड्डों पर अगली सूचना तक हवाई यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने अपने टेलीग्राम चैनल पर जानकारी दी कि वायु रक्षा बलों ने राजधानी की दिशा में आ रहे एक और ड्रोन को निष्क्रिय किया। स्थानीय समयानुसार शाम चार बजे तक कुल 11 ड्रोन नष्ट किए जाने की पुष्टि की गई। रूस का आरोप है कि यूक्रेन लगातार मॉस्को समेत उसके विभिन्न क्षेत्रों को ड्रोन हमलों से निशाना बना रहा है। हालांकि, दूसरी ओर रूस भी यूक्रेन के कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर चुका है।
इसी बीच, यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने बताया कि रूसी हमलों में ध्वस्त इमारतों के मलबे से एक बच्चे सहित आठ लोगों को सुरक्षित निकाला गया। कीव के उपनगरों के पांच जिलों—ओबुखिव, ब्रोवरी, बोरिस्पिल, बुचा और फास्तिव—में हमलों से भारी नुकसान और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। फास्तिव जिले के पुत्रिवका गांव में राहत एवं बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए अभियान चला रहे हैं।
आपातकालीन अधिकारियों के अनुसार, रूस ने यूक्रेन के दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में ऊर्जा ढांचे को भी निशाना बनाया, जिससे भीषण आग लग गई। बाद में आग पर काबू पा लिया गया। युद्ध शुरू होने के लगभग चार वर्ष बाद भी यूक्रेन में हवाई हमलों का सिलसिला थमा नहीं है। अमेरिका के नेतृत्व में शांति प्रयासों की कोशिशों के बावजूद, ऊर्जा ग्रिड पर बढ़ते हमलों के कारण भीषण सर्दी के बीच आम नागरिकों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

