डेस्क : आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इन दिनों सिनेमाघरों में जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतते नजर आ रहे हैं। उनके साथ अर्जुन रामपाल, आर माधवन और राकेश बेदी जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। खासतौर पर राकेश बेदी की परफॉर्मेंस को दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिल रही है।
फिल्म को जहां एक ओर अधिकतर पॉजिटिव रिव्यू मिले हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ दर्शकों ने इसे ‘प्रोपेगेंडा’ कहकर आलोचना भी की है। इस विवाद के बीच अब राकेश बेदी ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में राकेश बेदी ने कहा कि वह राजनीति नहीं, बल्कि सिनेमा में विश्वास रखते हैं। उनके अनुसार, हर दर्शक को फिल्म पसंद या नापसंद करने का अधिकार है, लेकिन किसी फिल्म को राजनीतिक नजरिए से बांटना उचित नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि असल मायने में फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
इसी बातचीत के दौरान राकेश बेदी ने बिना नाम लिए कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी पर भी तंज कस दिया। उन्होंने कहा कि हाल के समय में इंदिरा गांधी और प्रधानमंत्री पर बनी कुछ फिल्में ज्यादा समय तक सिनेमाघरों में टिक नहीं पाईं, जबकि ‘धुरंधर’ की कहानी और प्रस्तुति दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रखने में सफल रही है।
गौरतलब है कि कंगना रनौत द्वारा निर्देशित ‘इमरजेंसी’, जो भारत में 1975–77 के आपातकाल पर आधारित थी, बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी और वैश्विक स्तर पर करीब 18.40 करोड़ रुपये की कमाई ही कर पाई।
विवादों के बावजूद ‘धुरंधर: द रिवेंज’ लगातार बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से बनी हुई है और दर्शकों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
