डेस्क : निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज को लेकर देशभर में जबरदस्त चर्चा है, और अब इसकी गूंज साउथ फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंच चुकी है। विजय देवरकोंडा, अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर और महेश बाबू के बाद अब दिग्गज फिल्मकार एस.एस. राजामौली ने भी फिल्म की खुलकर सराहना की है।
आदित्य धर के निर्देशन को मिली बड़ी सराहना
राजामौली ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें धुरंधर का पहला भाग पसंद आया था, लेकिन द रिवेंज ने स्केल और भावनात्मक गहराई के मामले में उसे भी पीछे छोड़ दिया। उन्होंने फिल्म की राइटिंग, कास्टिंग, तकनीकी निष्पादन, संगीत, वर्ल्ड डिज़ाइन और निर्देशन को बेहद शानदार बताया।
उन्होंने खासतौर पर आदित्य धर के निर्देशन की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म की कहानी ही उसके ट्विस्ट और इमोशन को मजबूती देती है।
रणवीर सिंह के सीन ने जीता दिल
राजामौली ने फिल्म के एक इमोशनल सीन का जिक्र किया, जिसमें रणवीर सिंह द्वारा निभाया गया जसकीरत सिंह रांगी अपनी बहन को बेहद खराब हालत में देखता है। इस सीन में रणवीर के चेहरे के भाव और बॉडी लैंग्वेज को उन्होंने “मास्टर क्लास” बताया।
इसके साथ ही आर. माधवन के अभिनय की भी उन्होंने जमकर तारीफ की और पूरी टीम को बधाई दी।
बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई
रिलीज के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ शुरुआत की है। पेड प्रीमियर में 43 करोड़ की कमाई के बाद ओपनिंग डे पर फिल्म ने 102.55 करोड़ का आंकड़ा छू लिया। दूसरे दिन शुक्रवार को 80.72 करोड़ और शनिवार सुबह 11 बजे तक 20.72 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 246.99 करोड़ तक पहुंच गया है।
वीकेंड पर 500 करोड़ के करीब पहुंचने की उम्मीद
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का पहला वीकेंड बेहद धमाकेदार रहने वाला है। अनुमान है कि फिल्म शनिवार और रविवार दोनों दिन 100-100 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है। ऐसे में धुरंधर 2 अपने पहले ही वीकेंड में 500 करोड़ के करीब पहुंच सकती है।
दर्शकों से मिल रहे शानदार रिव्यू को देखते हुए माना जा रहा है कि यह फिल्म लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर टिकेगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
