डेस्क : उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में बीते 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं ने रिश्तों की मर्यादा और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। उत्तर प्रदेश के ललितपुर और जालौन जिलों में सामने आए इन मामलों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर ससुर और बहू के शव संदिग्ध हालात में मिले, तो दूसरी ओर सास-दामाद की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
पेड़ से लटका मिला ससुर, कुएं में मिली बहू की लाश
ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र के ग्राम मनगुआं में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के दो सदस्यों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए।
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय जसोदा बीते दो दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी। परिवार उसकी तलाश में जुटा ही था कि रविवार सुबह उसके 45 वर्षीय ससुर रामचरण भी अचानक घर से निकल गए और वापस नहीं लौटे।
कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ से रामचरण का शव तौलिए के फंदे से लटकता हुआ देखा। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर ही रही थी कि करीब एक किलोमीटर दूर एक कुएं में बहू जसोदा का शव भी बरामद हो गया।
एक ही दिन में ससुर और बहू की मौत से पूरे गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सास-दामाद के क्षत-विक्षत शव, अवैध संबंधों की कहानी
दूसरी घटना जालौन जिले के कालपी (उरई) कोतवाली क्षेत्र के लुहरगांव के पास सामने आई, जहां रविवार देर शाम एक युवक और महिला के क्षत-विक्षत शव नाले के किनारे मिले।
घटनास्थल से एक लावारिस बाइक और सल्फास की शीशी बरामद होने के बाद पुलिस इसे आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देख रही है।
जांच में सामने आया कि मृतक रिश्ते में सास और दामाद थे। 40 वर्षीय युवक, जो दिल्ली में काम करता था, अपनी पत्नी के अलग हो जाने के बाद हरियाणा के मानेसर स्थित रिश्तेदार के घर आने-जाने लगा। इसी दौरान उसका अपनी चचिया सास के साथ अवैध संबंध बन गया।
बताया जा रहा है कि 27 मार्च को दोनों घर से फरार हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन रविवार को दोनों के शव एक साथ बरामद हुए।
जांच के घेरे में रिश्ते और रहस्य
दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
- ललितपुर में यह जानने की कोशिश हो रही है कि क्या बहू की मौत के सदमे में ससुर ने आत्महत्या की या मामला कुछ और है।
- वहीं जालौन में प्रेम प्रसंग, सामाजिक दबाव और लोक-लाज के चलते उठाए गए कदम की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल दोनों घटनाएं बुंदेलखंड में रिश्तों के बदलते स्वरूप और सामाजिक दबाव की एक भयावह तस्वीर पेश कर रही हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

