डेस्क : 90 के दशक से लेकर आज तक हिंदी सिनेमा पर तीन खान—शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान—का दबदबा कायम रहा है। इनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग ने उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता दिलाई। हालांकि, इनके करियर में भी एक ऐसा दौर आया जब फिल्मों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इसी समय हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में नए चेहरे और अलग तरह की कहानियां भी जगह बना रही थीं। ऐसे में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के निर्देशकों ने इन तीनों सुपरस्टार्स को फिर से मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।
आमिर खान की ‘गजनी’ ने किया कमाल
आमिर खान हमेशा से प्रयोगधर्मी सिनेमा के लिए जाने जाते हैं। साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म गजनी ने उनके करियर को नई दिशा दी। इस फिल्म का निर्देशन साउथ के चर्चित निर्देशक ए.आर. मुरुगदास ने किया था, जिन्होंने पहले इसी नाम से तमिल फिल्म बनाई थी। हिंदी रीमेक ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की। इसके बाद आमिर की ‘थ्री इडियट्स’ और ‘पीके’ जैसी फिल्मों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
‘जवान’ बनी शाहरुख की दमदार वापसी
साल 2018 में आई फिल्म ‘जीरो’ की असफलता के बाद शाहरुख खान ने लंबा ब्रेक लिया। करीब पांच साल बाद उन्होंने साउथ निर्देशक एटली के साथ फिल्म जवान में वापसी की। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार सफलता हासिल की और शाहरुख को एक बार फिर शीर्ष पर पहुंचा दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला।
सलमान खान फिर साउथ के भरोसे
सलमान खान के लिए पिछले कुछ साल उतने सफल नहीं रहे। उनकी हालिया फिल्म किसी का भाई किसी की जान दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। इससे पहले वह ‘सुल्तान’, ‘एक था टाइगर’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी ब्लॉकबस्टर दे चुके हैं।
सलमान ने भी साउथ निर्देशक ए.आर. मुरुगदास के साथ काम किया, लेकिन ‘सिकंदर’ दर्शकों को खास प्रभावित नहीं कर पाई। अब एक बार फिर उन्होंने साउथ के निर्देशक वामशी पेडिपल्ली के साथ हाथ मिलाया है। इस फिल्म को मशहूर निर्माता दिल राजू प्रोड्यूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह एक पैन इंडिया फिल्म होगी, जिसका वर्किंग टाइटल ‘दिल दिमाग जिगर’ है। फिल्म की शूटिंग 18 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है और इसे अगले साल ईद के मौके पर रिलीज किया जा सकता है। इस फिल्म में सलमान खान का एक्शन अवतार एक बार फिर दर्शकों को देखने को मिलेगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
