स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दौरान राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर वेपिंग (ई-सिगरेट) से जुड़े विवाद में कार्रवाई की गई है। आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के चलते उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में पराग के वेपिंग करते हुए दृश्य कैमरे में कैद हो गए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद लीग प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे अनुशासनहीनता का मामला माना।
आईपीएल अधिकारियों ने इस कृत्य को लेवल-1 का उल्लंघन मानते हुए आर्थिक दंड के साथ एक डिमेरिट प्वाइंट भी दर्ज किया है। फिलहाल खिलाड़ी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
उधर, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी इस प्रकरण पर नजर बनाए रखी है। सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है और आवश्यक होने पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। बताया जा रहा है कि वेपिंग को लेकर आईपीएल नियमों में स्पष्ट प्रावधान नहीं होने के कारण कानूनी राय भी ली जा सकती है।
गौरतलब है कि भारत में वर्ष 2019 से ई-सिगरेट के उपयोग और बिक्री पर प्रतिबंध लागू है। ऐसे में यह मामला खेल अनुशासन के साथ-साथ कानूनी दायरे में भी आ सकता है।
इस घटना के बाद क्रिकेट जगत में खिलाड़ियों की जिम्मेदारी और आचरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कई विशेषज्ञों ने इसे अनुचित बताते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों को अपने व्यवहार में अधिक सावधानी बरतनी चाहिए।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
