डेस्क : तिरुवनंतपुरम। केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर तीखा पलटवार किया है। चेन्निथला ने कहा कि प्रधानमंत्री को शायद “याददाश्त चली गई है”, क्योंकि उन्हें यह याद नहीं कि दिल्ली में मुख्यमंत्री चुनने में भारतीय जनता पार्टी को लगभग 50 दिन लग गए थे।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि पार्टी के भीतर सत्ता संघर्ष चरम पर है और मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस निर्णय नहीं ले पा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर अपने ही नेताओं के साथ अन्याय करने का आरोप भी लगाया था।
प्रधानमंत्री के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां विचार-विमर्श और सहमति के आधार पर निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वहां फैसले कुछ लोगों के बंद कमरों में होते हैं, जबकि कांग्रेस में सभी नेताओं की राय को महत्व दिया जाता है।
केरल में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की चुनावी सफलता के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर मंथन जारी है। वी. डी. सतीशन, के. सी. वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री चयन को लेकर बढ़ती बयानबाजी आने वाले दिनों में केरल की राजनीति को और गर्मा सकती है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
