डेस्क : बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी साई भगीरथ को पॉक्सो मामले में फिलहाल राहत नहीं मिली है। तेलंगाना हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार करते हुए अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। मामले की अगली सुनवाई 21 मई को होगी।
यह मामला एक नाबालिग लड़की से कथित यौन उत्पीड़न से जुड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष ने अदालत को बताया कि पीड़िता की उम्र 17 वर्ष है और उसके जन्म प्रमाण से जुड़े दस्तावेज सीलबंद लिफाफे में कोर्ट को सौंपे गए हैं।
बचाव पक्ष ने अदालत में दावा किया कि दोनों के बीच संबंध सहमति से थे और पूरे मामले को राजनीतिक साजिश तथा “हनी ट्रैप” का रूप दिया जा रहा है। आरोपी पक्ष ने यह भी कहा कि शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई और बाद में गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
वहीं, राज्य सरकार की ओर से पेश वकीलों ने अदालत को बताया कि पीड़िता के बयान और जांच के आधार पर ही पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जाने के बावजूद आरोपी जांच में शामिल नहीं हुआ।
इस मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। रेवंत रेड्डी ने जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तेलंगाना बाल अधिकार आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है।
फिलहाल सभी की नजरें 21 मई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां हाईकोर्ट अग्रिम जमानत पर अपना फैसला सुना सकता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत